शेखर कपूर की वजह से डैनियल क्रेग बने थे James Bond! दिग्गज निर्देशक ने इस बॉलीवुड एक्टर को बताया ‘बॉन्ड मैटेरियल’

Shekhar Kapur pushes John Abraham as James Bond. Photo- Made with AI.

मुंबई। Who Will Be The Next James Bond: जेम्स बॉन्ड फिल्मों के शौकीनों की नजर अब अगले जेम्स बॉन्ड पर है। सभी को बेसब्री से इंतजार है कि अगला जेम्स बॉन्ड कौन बनेगा। मेकर्स ने आधिकारिक शॉर्ट लिस्ट को फिलहाल तालों में बंद करके रखा है, मगर फैंस के बीच हेरनी कैविल से लेकर ऐरन जॉनसन टेलर तक के नाम घूम रहे हैं।

सभी अपने-अपने पसंदीदा कलाकार को एजेंट 007 बनते देखना चाहते हैं।

इस बीच बॉलीवुड और हॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक शेखर कपूर ने उस बॉलीवुड एक्टर का नाम बताया है, जो जेम्स बॉन्ड बनने के लिए परफेक्ट है। साथ ही पिछले जेम्स बॉन्ड के बारे में एक दिलचस्प राज भी खोला है।

जॉन अब्राहम रहेंगे परफेक्ट जेम्स बॉन्ड

शनिवार को शेखर ने एक्स के जरिए बताया कि जॉन अब्राहम जेम्स बॉन्ड के किरदार के लिए परफेक्ट च्वाइस हो सकते हैं। शेखर ने इसकी वजह भी बताई। निर्देशक ने लिखा- जैसा कि अगले जेम्स बॉन्ड की खोज में तेजी आ गई है, डैनियल क्रैग के बाद मेरा वोट जॉन अब्राहम के लिए जाता है। उनकी शख्सियत शेकन नॉट स्टायर्ड की तरह कूल है और बॉन्ड चार्म के साथ वो अच्छे अभिनेता भी हैं।

इसके बाद शेखर ने लिखा कि उनकी आइकॉनिक फिल्म एलिजाबेथ में डैनियल क्रेग को देखने के बाद निर्माताओं ने जेम्स बॉन्ड के रूप में उन्हें चुना था।

यह भी पढ़ें: सुपरहीरो फिल्म ‘मंकीमैन’ में नजर आएंगे John Abraham, राकेश मारिया की बायोपिक के बाद शुरू करेंगे शूटिंग

जॉन ने शेखर की पोस्ट का जवाब देते हुए उनका शुक्रिया अदा किया। जॉन ने लिखा- बहुत शुक्रिया शेखर सर। आपके शब्दों ने मुझे प्रेरित किया है। ऐसे शख्स की ओर से यह सुनना, जिन्होंने ना सिर्फ कहानी कहने के ढंग को परिभाषित किया, बल्कि दुनिया से पहले डैनियल क्रेग में बॉन्ड देख लिया, मेरे लिये बहुत मायने रखता है।

जहां तक बॉन्ड की बात है… मैं खुशी-खुशी अभी से मार्टिनी ऑर्डर करने की प्रैक्टिस शुरू कर देता हूं। शेकन, नॉट स्टायर्ड।

बता दें डैनियल क्रेग ब्रिटिश अभिनेता हैं, जो पहली बार 2006 की फिल्म कैसिनो रॉयाल में जेम्स बॉन्ड के किरदार में दिखे थे। शेखर की ऑस्कर अवॉर्ड विनिंग फिल्म एलिजाबेथ 1998 में आई थी।

इसके बाद क्वांटम ऑफ सोलेस, स्काइ फॉल, स्पेक्ट्रे और नो टाइम टू डाइ में वो जेम्स बॉन्ड के किरदार में नजर आये थे। 2021 में आई नो टाइम टू डाइ डैनियल की बतौर जेम्स बॉन्ड आखिरी फिल्म थी।

फिल्म के क्लाइमैक्स में जेम्स बॉन्ड को मरते हुए दिखाया गया था। इसीलिए, अब अगली फिल्म के लिए जेम्स बॉन्ड की तलाश की जा रही है।

1962 में आई थी पहली जेम्स बॉन्ड फिल्म

जेम्स बॉन्ड, दुनिया की सबसे लम्बी चलने वाली फिल्म सीरीजों में से एक है। इसकी पहली फिल्म 1962 में आई डॉक्टर नो थी, जिसमें शॉन कॉनरी पहले जेम्स बॉन्ड बने थे। इसकी कहानी इयान फ्लेमिंग के जासूसी नॉवल पर आधारित थी। जेम्स बॉन्ड ब्रिटिश जासूसी संस्था एमआइ 6 का काल्पनिक एजेंट है, जो दिमाग से तेज, बहादुर और रंगीन-मिजाज है।