Ishq Mastana: कबीर की संत वाणी से लिया गया ‘इश्क मस्ताना’ का मुखड़ा, प्यार और दोस्ती का जश्न मनाता है ‘मैं वापस आऊंगा’ का गाना

Ishq Mastana from Main Vaapas Aaunga out. Photo- X

मुंबई। Ishq Mastana Song: इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा प्यार, अपनेपन और बिछड़ने की भावनाओं से भरी एक दिल छू लेने वाली कहानी लेकर आ रही है। फिल्म की हर नई झलक के साथ दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।

क्या कमाल है, मस्कारा और वो नहीं के बाद अब मेकर्स ने फिल्म का नया गाना इश्क मस्ताना रिलीज किया है, जो जिंदगी, प्यार, दोस्ती और साथ रहने की खुशी का जश्न मनाता है।

पंजाब के मिजाज की झलक

इश्क मस्ताना सिर्फ एक गाना नहीं है, बल्कि उस पंजाब की झलक दिखाता है जो गाता है, नाचता है और हर हाल में जिंदगी को खुलकर जीता है। यह गाना अपने लोगों के बीच रहने की खुशी, भरे-पूरे घरों, कॉलेज की चहल-पहल, दोस्तों के साथ हंसी-मज़ाक और यादगार पलों को खूबसूरती से दिखाता है।

कीनू (वेदांग रैना) के परिवार की ग्रेवाल महिलाओं के लिए एक साधारण दोपहर खुशियों के उत्सव में बदल जाती है, वहीं उसके कॉलेज के दोस्तों के लिए यह गाना खुलकर गाने, नाचने और यादें बनाने का मौका बन जाता है।

विभाजन से पहले के दौर में सेट यह गाना उस समय की झलक दिखाता है, जब हर मिलना-जुलना किसी त्योहार जैसा लगता था। गाने में पंजाबी लोक संगीत के साथ जैज़ और स्विंग का भी खूबसूरत मेल सुनने को मिलता है, जो कभी अखंड भारत के संगीत का हिस्सा हुआ करते थे। इश्क मस्ताना उस दौर को एक प्यारी श्रद्धांजलि है, जहां लोग खुलकर हंसते थे और संगीत पर थिरकना कभी नहीं छोड़ते थे।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in June 2026: क्या ब्लॉकबस्टर रहेगा ‘फर्स्ट हाफ’ का क्लाइमैक्स? जून में रिलीज हो रहीं ये 12 फिल्में

कबीर की अमर वाणी से प्रेरणा

इस गाने की एक और खास बात इसकी मुख्य पंक्ति “हमन है इश्क मस्ताना, हमन को होशियारी क्या” है, जो संत कबीर की अमर वाणी से ली गई है। इससे गाने को एक अलग गहराई और खूबसूरती मिलती है।

गाने में वेदांग रैना और शरवरी की शानदार केमिस्ट्री और युवा ऊर्जा देखने को मिलती है। वहीं नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ की झलक भी दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ाती है।

इश्क मस्ताना को मोहित चौहान, नरगिस और पूजा तिवारी ने अपनी आवाज दी है। इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है और बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। यह गाना परंपरा और आधुनिक संगीत का खूबसूरत मेल पेश करता है।

बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट के साथ विंडो सीट फिल्म्स के मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार द्वारा निर्मित यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म का संगीत टिप्स म्यूजिक के पास है।