Dhamaal 4 Character Posters: अजय देवगन स्टारर ‘धमाल 4’ की उल्टी गिनती शुरू, मेकर्स ने जारी किये कैरेक्टर पोस्टर्स

Dhamaal 4 character posters out. Photo- PR

मुंबई। Dhamaal 4 Character Posters: धमाल हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी फिल्मों में शामिल है, जिसकी चौथी किस्त इस साल रिलीज होने वाली है। मेकर्स ने मंगलवार को फिल्म के कैरेक्टर पोस्टर रिलीज करके धमाल 4 के प्रमोशंस का आगाज कर दिया है।

कैरेक्टर पोस्टर्स में दिखा धमाल

इंद्र कुमार निर्देशित धमाल 4 में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। संजय मिश्रा, रवि किशन, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, विजय पाटकर और उपेंद्र लिमये धमाल 4 में अहम किरदारों में दिखेंगे।

कैरेक्टर पोस्टर्स में इन कलाकारों के किरदारों को मजाकिया हालात में दिखाया गया है। पोस्टर्स में रवि किशन का किरदार पाइरेट के लुक में है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कहानी इस बार जमीन से पानी तक का सफर करेगी। रिपोर्ट्स हैं कि इस बार धमाल टीम खजाने की खोज करते हुए दिखेगी।

यह भी पढ़ें: Sequel Movies: ‘बॉर्डर 2’ के बाद आने वाली हैं 9 फ्रेंचाइजी और सीक्वल फिल्में, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ की रिलीज डेट कन्फर्म

धमाल 4 की रिलीज डेट पहले इसी साल 3 जुलाई बताई गई थी। हालांकि, कैरेक्टर पोस्टर्स में इसका जिक्र नहीं है।

2007 में आई थी पहली धमाल

फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2007 में संजय दत्त, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, आशीष चौधरी और जावेद जाफरी के साथ हुई थी। यह फिल्म सफल रही थी और आज भी इस फ्रेंचाइजी की बेस्ट मानी जाती है। धमाल की सहयोगी स्टार कास्ट में असरानी, प्रेम चोपड़ा, टीकू तलसानिया, विजय राज, संजय मिश्रा और मुरली शर्मा भी थे।

2011 में फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म डबल धमाल आई, जिसमें संजय दत्त के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, आशीष चौधरी और जावेद जाफरी ने मुख्य किरदार निभाये थे। मल्लिका शेरावत और कंगना रनौत ने फिल्म में फीमेल लीड रोल निभाये। इस फिल्म के अन्य कलाकारों में सतीश कौशिक, जाकिर हुसैन भी शामिल थे।

2019 में फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म टोटल धमाल रिलीज हुई थी, जिसकी स्टार कास्ट में कई लोकप्रिय नाम जुड़े। रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी ने अपने पुराने किरदारों को जारी रखा, जबकि अजय देवगन पहली बार फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने।

अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित ने फ्रेंचाइजी का बड़ा आकार दिया। संजय मिश्रा की वापसी हुई। इनके अलावा ईशा गुप्ता, जॉनी लीवर, बमन ईरानी, विजय पाटकर, मनोज पाहवा और संजय मांजरेकर स्टार कास्ट में शामिल हुए।

अब चौथी किस्त अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी के किरदारों के साथ आ रही है। संजय मिश्रा तीसरी बार नजर आएंगे, जबकि रवि किशन पहली बार धमाल फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने हैं।