मुंबई। Dhamaal 4 Release Date: हिंदी सिनेमा के कारोबार का इस समय जो हाल है, उसे देखते हुए फिल्म की रिलीज डेट तय करना भी एक मुश्किल काम हो गया है। तारीख तय करते वक्त तमाम बातों का ख्याल रखना होता है। आसपास कोई बड़ी फिल्म तो नहीं है, इसका भी ध्यान रखना जरूरी है।
तारीखों की इस मारामारी में एक-दूसरे की फिल्मों पर भी पैनी नजर रखनी पड़ती है। इसीलिए, बुधवार को जैसे ही यशराज फिल्म्स की स्पाइ फिल्म ऐल्फा की रिलीज डेट की पुष्टि हुई, धमाल 4 के मेकर्स ने बिना देर किये अपनी फिल्म की रिलीज डेट लॉक कर दी।
10 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म
मार्च में यशराज फिल्म्स ने घोषणा की थी कि ऐल्फा 10 जुलाई को रिलीज होगी। तब धमाल 4 की रिलीज डेट 3 जुलाई थी। मगर, पिछले दो दिनों से खबर आ रही थी कि ऐल्फा प्रीपोन हो सकती है। अगर, ऐसा होता तो बॉक्स ऑफिस पर ऐल्फा का मुकाबला धमाल 4 से होता। इस क्लैश को कोई नहीं चाहता, लिहाजा धमाल 4 के मेकर्स ने रुकना बेहतर समझा और ऐल्फा की रिलीज डेट आधिकारिक होने का इंतजार किया।
इसीलिए, बुधवार को सुबह जैसे ही ऐल्फा का टीजर जारी हुआ, कुछ मिनट बाद ही धमाल 4 के मेकर्स ने घोषणा कर दी कि फिल्म 10 जुलाई को रिलीज होगी, यानी पूर्व घोषित तारीख के एक हफ्ता बाद।
यह भी पढ़ें: Dhamaal 4 Character Posters: अजय देवगन स्टारर ‘धमाल 4’ की उल्टी गिनती शुरू, मेकर्स ने जारी किये कैरेक्टर पोस्टर्स

मंगलवार को धमाल 4 के कैरेक्टर पोस्टर्स रिलीज किये गये थे, जिसमें रिलीज डेट का कोई जिक्र नहीं था। अब दोनों फिल्मों की रिलीज डेट्स इंटरचेंज होने के साथ लॉक हो चुकी हैं।
शुक्रवार को आएगा ट्रेलर
इंद्र कुमार निर्देशित धमाल 4, इस फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है। यह कॉमेडी फ्रेंचाइजी बॉक्स ऑफिस पर लोकप्रिय और सफल रही है। फिल्म का ट्रेलर 12 जून को रिलीज किया जाएगा।

2026 में अजय की पहली फिल्म
फिल्म के लीड एक्टर अजय देवगन की साल 2026 में यह पहली रिलीज होगी। पिछले कुछ वक्त से अजय फ्रेंचाइजी और सीक्वल फिल्मों के सहारे ही अपनी गाड़ी खींच रहे हैं। 2025 में अजय की तीन सीक्वल फिल्में- रेड 2, सन ऑफ सरदार 2 और दे दे प्यार 2 आई थीं। इस साल भी धमाल 4 और इसके बाद दृश्यम 3 सीक्वल फिल्में हैं।
धमाल 4 में अजय के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी लीड रोल्स में होंगे। उनके अलावा अन्य कई कलाकार फिल्म में सहयोगी किरदार निभाते दिखेंगे।

