Alpha Trailer Out: ‘रावण’ की लंका इस बार ‘सीता’ लगाएगी, आलिया-शरवरी की फिल्म का ट्रेलर आउट, ऋतिक के कैमियो की पुष्टि

Alia Bhatt's Alpha trailer out. Photo- Screenshot

मुंबई। Alpha Trailer Out: यशराज फिल्म्स के स्पाइ यूनिवर्स की फिल्म ऐल्फा का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। टीजर की ट्रोलिंग के बाद ट्रेलर का इंतजार किया जा रहा था और टीजर में खड़े हुए कई सवालों के जवाब ट्रेलर ने दे दिये हैं। साथ ही फिल्म में ऋतिक रोशन के कैमियो की भी पुष्टि भी हो गई है।

बॉबी और आलिया के टकराव की कहानी

ढाई मिनट का ट्रेलर मुख्य रूप से बॉबी देओल और आलिया भट्ट के किरदारों के टकराव पर आधारित है। ट्रेलर से एक बात साफ हो गई है कि ऐल्फा कोई जासूसी संस्था नहीं है, बल्कि मर्सिनरीज का एक आतंकी संगठन है, जिसे बॉबी देओल ने कभी भारत सरकार के लिए बनाया गया था, मगर जब सरकार ने इस प्रोजेक्ट से हाथ खींच लिया तो ऐल्फा बागी हो गया।

आलिया का किरदार सीता इस संगठन की एक घातक सदस्य है, जिसे बॉबी ने उसकी मां जानकी के मरने के बाद पाला था और नाम दिया था सीता। बॉबी का किरदार सीता को बचपन से ही कड़ी और बेरहम ट्रेनिंग देकर एक हथियार बना देता है। मगर, ऐल्फा के इरादों का पता लगने के बाद सीता बागी हो जाती है।

सीता को बॉबी के खिलाफ लड़ने में अनिल कपूर और शरवरी के किरदार मदद करते हैं। शरवरी को आलिया की तरह ही खतरनाक मगर ज्यादा हैपनिंग दिखाया गया है। ट्रेलर के अंत में ऋतिक रोशन की मौजूदगी पर उनकी आंखों के क्लोज अप के जरिए मुहर लगा दी जाती है।

यह भी पढ़ें: ट्रोलिंग के बीच ‘ऐल्फा’ के टीजर ने पार किया 75 मिलियन व्यूज का पड़ाव, नये पोस्टर्स पर नजर आई पूरी स्टार कास्ट

ट्रेलर रिव्यू: Alpha

ऐल्फा के ट्रेलर से ट्रोल्स को उस सवाल का जवाब मिल गया है, जो कह रहे थे कि कौन सी स्पाइ एजेंसी अपने एजेंट का प्रतीक चिह्न गुदवाकर चलती है? ऐल्फा आतंकी संगठन है, इसलिए वो अपनी पहचान दहशत फैलाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। बॉबी का किरदार कहता है- इंडिया ने ऐल्फा की कद्र नहीं की, अब इंडिया ऐल्फा से डरेगा।

ऐल्फा का ट्रेलर देखने में अच्छा लगता है, मगर आलिया भट्ट एक्शन दृश्यों में धीमी लगती हैं। उन्हें एक्शन करते हुए देखकर लगता है, मानो कोरियोग्राफ एक्शन कर रही हैं। उसमें सहजता और तलरता का अभा व लगता है। शरवरी, आलिया के मुकाबले बेहतर दिख रही हैं।

बॉबी अपने किरदार में जंच रहे हैं और खलनायक के लिए जरूरी भाव-भंगिमा से प्रभावित करते हैं। अनिल कपूर वॉर के जरिए स्पाइ यूनिवर्स से जुड़े हैं और इस फिल्म में अपने उसी किरदार को दोहराते नजर आएंगे। वॉर में मेजर कबीर धालीवाल का किरदार निभाने वाले ऋतिक की ट्रेलर के अंत में झलक बोनस है।

शिव रवैल निर्देशित फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों रिलीज होगी। इस फिल्म पर यशराज बैनर की काफी उम्मीदें टिकी हैं, जिन्हें बार-बार आलिया भट्ट को लेकर चल रही नेगेटिविटी से लड़ना होगा। फिल्म का ट्रेलर टीजर की ट्रोलिंग का असर कम करता है, मगर नई जमीन भी तैयार करता है।