मुंबई। India’s Got Latent Season 2: स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना के ओटीटी शो इंडियाज गॉट लेटेंट के पहले सीजन ने जमकर बवाल मचाया था। हंगामा इतना बढ़ा था कि मामले में समय रैना और शो में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले गेस्ट रणवीर इलाहाबादिया को पुलिस थाने और अदालतों के चक्कर लगाने पड़े थे। इतना ही नहीं, समय को इस शो के सारे एपिसोड्स यू-ट्यूब से हटाने पड़े थे।
तमाम बवाल और हंगामे के बाद समय अपने शो का दूसरा सीजन लेकर लौट रहे हैं और इस बार उनका शो नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम किया जाएगा। नेटफ्लिक्स पर समय के शो की एंट्री उन सभी आलोचकों और ट्रोल्स के लिए करारा जवाब है, जिन्होंने समय के बुरे वक्त की भविष्यवाणी कर दी थी।
शुक्रवार को रैना ने इसकी घोषणा एक दिलचस्प वीडियो के जरिए की, जिसे नेटफ्लिक्स ने शेयर किया है, जिसमें वो अपने साथी और शो के प्रोड्यूसर बलराज के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में शो की घोषणा कर रहे हैं। वीडियो में समय बताते हैं कि इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2 नेटफ्लिक्स के साथ उनके यू-ट्यूब चैनल पर भी ठीक उसी वक्त प्रसारित किया जाएगा। यानी जिन दर्शकों के पास नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन नहीं, वे सभी इसे यू-ट्यूब पर मुफ्त देख सकते हैं।
शो 20 जून को शाम 7 बजे से नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगा। इसके बाद शो के नये एपिसोड्स दो हफ्तों के अंतराल पर प्रसारित किये जाएंगे।
बता दें, नेटफ्लिक्स ने समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया के साथ द ग्रेट इंडियन कपिल शो का लाफ्टर डे स्पेशल एपिसोड भी प्रसारित किया था, जिसमें समय और रणवीर ने तमाम बातों को याद किया था। इस शो में कॉमेडियन सुनील पाल भी आये थे, जिनके साथ समय की नोक-झोंक खूब चर्चा में रही।
क्यों हुआ था समय के शो पर बवाल?
यू-ट्यूबर और स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना के चैनल पर इंडियाज गॉट लेटेंट नाम का एक शो प्रसारित किया जाता था, जिसमें भाग लेने वाले स्टैंड अप कॉमेडियंस और पेनलिस्ट एक-दूसरे को रोस्ट करते थे।
शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया ने मां-बाप के बीच के निजी संबंधों से जुड़ी एक टिप्पणी की थी, जिसकी क्लिप सोशल मीडिया में वायरल हो गई। यूजर्स ने रणवीर की टिप्पणी को लेकर सख्त एतराज जताया। मामला बढ़ा तो पुलिस में अश्लीलता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने का सिलसिला शुरू हुआ।
पहले सीजन के बवाल के बाद समय कुछ वक्त तक खामोश रहे। इसके बाद समय अपने नये शो समय रैना स्टिल अलाइव शो के साथ वापसी की थी, जो यू-ट्यूब पर आया था।

