Movies in Cinemas 19th June: सिनेमाघरों में रोमांस, हॉरर और एक्शन का कॉकटेल लेकर आया जून का तीसरा शुक्रवार, देखें पूरी लिस्ट

Movies releasing in Cinemas this Friday. Photo- X

मुंबई। Movies in Cinemas 19th June: इस शुक्रवार यानी 19 जून को सिनेमाघरों में एक साथ कई बड़ी और दिलचस्प फिल्में रिलीज हो रही हैं। रोमांस से लेकर हॉरर, एनिमेशन, एक्शन और साइकोलॉजिकल थ्रिलर तक, इस हफ्ते हर तरह के दर्शकों के लिए कुछ ना कुछ मौजूद है। आइए जानते हैं, इस शुक्रवार रिलीज होने वाली फिल्मों के बारे में।

कॉकटेल 2 (COCKTAIL 2)

  • भाषा: हिंदी
  • जॉनर: रोमांस कॉमेडी
  • सेंसर सर्टिफिकेशन: A
  • स्टार कास्ट: शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना, कृति सेनन आदि।
  • निर्देशक: होमी अदजानिया

कॉकटेल फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म, जो पहली फिल्म की रूह और अलग स्टार कास्ट के साथ लौट रही है। होमी अदजानिया निर्देशक हैं, जो रोमांस और कॉमेडी को अलग अंदाज में पेश करते हैं। कॉकटेल 2 एक स्टाइलिश, विजुअली रिच और ठीकठाक संगीत से सजी फिल्म है। मामला प्यार और कन्फ्यूजन का है। रोमांटिक फिल्मों के शौकीनों के लिए यह फिल्म ठीक है।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas This Friday 12th June: देश को झकझोरने वाली घटनाओं की कहानियां, इस शुक्रवार सिनेमाघरों में ‘दोहराया’ जाएगा इतिहास

मां इंति बंगारम (MAA INTI BANGAARAM)

  • भाषा: तेलुगु, तमिल
  • जॉनर: एक्शन कॉमेडी, फैमिली
  • सेंसर सर्टिफिकेशन: A
  • स्टार कास्ट: सामंथा रूथ प्रभु, गुलशन देवैया आदि।
  • निर्देशक: नंदिनी रेड्डी

इस फिल्म के क्रिएटर राज एंड डीके वाले राज निदिमोरू हैं। ट्रालाला मूवी पिक्चर्स ने इसका निर्माण किया है। मां इंति बंगारम सामंथा को एक बिल्कुल नये अंदाज में पेश करती है। यह एक ऐसी महिला की कहानी है, जो अपने रीति-रिवात और परम्पराओं को मानने वाले परिवार का भरोसा जीतने की कोशिश कर रही है, मगर उसके अतीत का राज उसके रास्ते की बाधा बनता रहता है। जब उसका परिवार खतरे में पड़ जाता है तो उसे मजबूरी में अपने अतीत का डर भुलाकर खुलकर सामने आना पड़ता है।

टॉय स्टोरी 5 (TOY STORY 5)

  • भाषा: अंग्रेजी, हिंदी
  • जॉनर: एनिमेशन, फैमिली, फैंटेसी
  • सेंसर सर्टिफिकेशन: U
  • स्टार कास्ट: आवाजें- टॉम हैंक्स, टिम एलन, जोआन क्यूसैक, ग्रेटा ली आदि।
  • निर्देशक: एंड्रू स्टैन्टन

टॉय स्टोरी फ्रेंचाइजी की पांचवीं फिल्म की कहानी पारम्परिक खिलौनों और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के बीच टकराव को दिखाती है। वुडी, बज, जेसी और अन्य खिलौनों के सामने नया दुश्मन एक टैब है, जो बच्चों की पहली पसंद बन गया है और वो उसी के साथ वक्त बिताते हैं, जिससे पारम्परिक खिलौने उपेक्षित महसूस करते हैं। बच्चों का ध्यान अपनी ओर खींचने और टैब को रास्ते से हटाने के लिए खिलौने मिलकर योजना बनाते हैं, मगर तकनीक से सुसज्जित टैब को हराना इतना आसान नहीं है।

कॉलोनी (COLONY)

  • भाषा: अंग्रेजी, कोरियन
  • जॉनर: एक्शन, क्राइम थ्रिलर
  • सेंसर सर्टिफिकेशन: A
  • स्टार कास्ट: जुन जी-ह्यून, कू क्यो-ह्वान, जी चांग-वुक, किम शिन-रोक आदि।
  • निर्देशक: येओन सांग-हो

इस कोरियन फिल्म का निर्देशन ट्रेन टू बुसान फेम डायरेक्टर येओन ने किया है। एक बायोटेक कॉन्फ्रेंस के दौरान एक ऐसा वायरस लीक हो जाता है, जो तेजी से फैलता है, तब आधुनिक तकनीक से सुसज्जित फैसिलिटी में अफरा-तफरी मच जाती है। सैकड़ों लोग इन्फेक्शन का शिकार हो जाते हैं। एक सामान्य सी सभा में सरवाइवल की लड़ाई छिड़ जाती है।

द फ्यूरियस (THE FURIOUS)

  • भाषा: अंग्रेजी (हॉन्ग कॉन्ग फिल्म)
  • जॉनर: एक्शन, थ्रिलर
  • सेंसर सर्टिफिकेशन: A
  • स्टार कास्ट: शी मियाओ, जो तसलीम, ब्रायन ली आदि।
  • निर्देशक: केनजी तानीगाकी

वांग वाइ की बेटी को एक ताकतवर क्रिमिनल नेटवर्क किडनैप कर लेता है और जब पुलिस-प्रशासन एक्शन लेने से मना कर देता है तो उसके सामने नेटवर्क से भिड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। इसमें उसकी मदद नवीन नाम का पत्रकार करता है, जिसकी पत्नी रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई है और वो सवालों की तलाश में हैं।

बालन- द ब्वॉय (BALAN: THE BOY)

  • भाषा: मलयालम, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़
  • जॉनर: थ्रिलर, मिस्ट्री
  • सेंसर सर्टिफिकेशन: UA 16+
  • स्टार कास्ट: आदिशेषन, फरजाना पालाथिंगल, मुहम्मद जिनान, डॉली जून आदि।
  • निर्देशक: चिदम्बरम

एक किशोरवय बच्चे की कहानी है, जो अपने अतीत का सच जानना चाहता है। बचपन की डरावनी यादें और मां की रहस्यमयी गुमशुदगी उसका पीछा करती है। जैसे-जैसे वो अपनी यादों के तार जोड़ता है, उसके सामने ऐसा सच सामने आने लगता है, जो उसकी समझ को चुनौती देने लगता है।