मुंबई। Batwara 1947 Teaser: आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म बंटवारा 1947 की पहली झलक टीजर के रूप में 18 जून को रिलीज कर दी गई। 1947 के देश विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म का निर्देशन राज कुमार संतोषी ने किया है। फिल्म में सनी के साथ कई दमदार कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे।
दंगाइयों से पंगा लेते सनी देओल
फिल्म के पहले ट्रेलर में फिल्म के सभी प्रमुख किरदारों की झलक दिखाई गई है, मगर नजर ठहरती है सनी देओल के तेवरों वाले अंदाज पर। टीजर की शुरुआत आमिर खान की गहरी आवाज में वॉइसओवर से होती है, जिसमें वो मजहब के आधार हिंदुस्तान के बंटने का दर्द बयां कर रहे हैं।
देश विभाजन के एलान के बाद दोनों तरफ दंगे छिड़ जाते हैं। लाहौर में भी हिंदुओं पर हमले होने लगते हैं। परिवार बिखरने लगते हैं। अपने छूटने लगते हैं। हर तरफ खूनी मंजर नजर आते हैं। मौकापरस्त जान के साथ माल लूटने निकल पड़ते हैं। ऐसे में एक शख्स जमकर अपने पैरों पर खड़ा होता है और दंगाइयों की आंखों में आंखे डालकर कहता है- पंगा लेने का इरादा तो नहीं है, मगर एतराज भी नहीं है।
यह भी पढ़ें: Batwara 1947 Motion Poster: नफरत और दहशत के दौर में हिम्मत की कहानी, सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ का मोशन पोस्टर आउट
इस फिल्म की कहानी असगर वजाहत के नाटक जिस लाहौर नई वेख्या ओ जम्या ए नहीं पर आधारित है। फिल्म में सनी के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अभिमन्यु सिंह, अली फजल और करण देओल अहम किरदारों में हैं।
14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
बंटवारा 1947 इसी साल 14 अगस्त पर रिलीज होने वाली है। फिल्म का टाइटल पहले लाहौर 1947 था, मगर सुनने में आया है कि लाहौर टाइटल पहले सुनील दर्शन के पास था। आमिर ने उनसे मुलाकात करके टाइटल देने की गुजारिश की थी, मगर सनी के साथ सुनील के बिगड़े संबंधों के चलते उन्होंने मना कर दिया, लिहाजा 1947 को बंटवारा 1947 कर दिया गया।

बहरहाल, बंटवारा 1947 इस साल की मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्मों में से एक है। इस फिल्म के जरिए सनी और संतोषी कई सालों बाद साथ आये हैं। वहीं, आमिर के प्रोडक्शन में सनी की पहली फिल्म है। 68 साल के सनी इस वक्त बॉलीवुड के सबसे बिजी कलाकारों में से एक हैं। गदर 2 की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद उनका करियर ट्रैक पर लौट आया है। बॉक्स ऑफिस पर उन्हें इस समय का सेलेबल एक्टर माना जाता है।

