Box Office Report: शुरुआती बढ़त के बाद ठिठकी ‘हॉन्टेड 3D’, दूसरे वीकेंड में ‘मैं वापस आऊंगा’ ने की जोरदार वापसी

10 days Box office report of Main Vaapas Aaunga and Haunted 3D.

मुंबई। Box Office Report: कहते हैं कि अगर कोई फिल्म दर्शकों के दिल को छू ले तो वो उसे अपने दिल में बसाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ते। इसकी मिसाल है इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा, जो पहले हफ्ते में हॉरर फिल्म हॉन्टेड 3डी- एकोज ऑफ द पास्ट से पिछड़ गई थी, मगर दूसरे वीकेंड में फिल्म ने ऐसा दम दिखाया कि सिर्फ 3 दिनों में पहले हफ्ते की कमाई की बराबरी कर ली।

वहीं, शुरुआती रफ्तार के बाद हॉन्टेड 3डी दूसरे हफ्ते में धीमी पड़ गई और दूसरे वीकेंड में फिल्म ने बेहद कम कलेक्शन किया है। दोनों फिल्मों की बॉक्स ऑफिस कहानी एक-दूसरे के उलट है।

हॉन्टेड 3डी ने जमा किये 16.85 करोड़

12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई विक्रम भट्ट निर्देशित हॉन्टेड 3डी के दूसरे वीकेंड में कलेक्शंस देखें तो दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने सिर्फ 39 लाख रुपये, शनिवार को 44 लाख रुपये और रविवार को 50 लाख रुपये का कलेक्शन ही किया। यानी दूसरे वीकेंड में फिल्म को सिर्फ 1.33 करोड़ रुपये ही मिले, जिसके मिलाकर फिल्म का 10 दिनों (12-21 जून) का नेट कलेक्शन 16.85 करोड़ हो गया। यहा बता दें कि हॉन्टेड 3डी ने पहले हफ्ते में 15.52 करोड़ जुटाये थे। जाहिर है कि दूसरे हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर फिल्म बुरी तरह धराशायी हो गई।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas 19th June: सिनेमाघरों में रोमांस, हॉरर और एक्शन का कॉकटेल लेकर आया जून का तीसरा शुक्रवार, देखें पूरी लिस्ट

मैं वापस आऊंगा को मिले 24.58 करोड़

अब आते हैं इम्तियाज अली की मैं वापस आऊंगा पर, जिसने दूसरे शुक्रवार को 2 करोड़, शनिवार को 4.45 करोड़ और रविवार को 5.67 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। इस फिल्म ने दूसरे वीकेंड में 12.12 करोड़ जमा कर लिये, जिसे मिलाकर फिल्म का 10 दिनों का नेट कलेक्शन 24.58 करोड़ हो गया। यहां बता दें कि मैं वापस आऊंगा ने पहले हफ्ते में 12.46 करोड़ नेट कलेक्शन किया था, यानी दूसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई से कुछ लाख ज्यादा।

गवर्नर और भारत भाग्य विधाता बेहाल

12 जून को रिलीज हुईं अन्य फिल्मों की बात करें तो कंगना रनौत की भारत भाग्य विधाता ने 10 दिनों में 6.57 करोड़ नेट कलेक्शन किया है। वहीं, मनोज बाजपेयी की गवर्नर इस अवधि में 5.46 करोड़ ही जुटा सकी। ये दोनों फिल्में फ्लॉप होने की कगार पर पहुंच गई हैं।

19 जून को रिलीज हुई कॉकटेल 2 का असर सभी फिल्मों पर पड़ा है, जिसने ओपनिंग वीकेंड में शानदार कमाई की है और अब वर्किंग वीक में भी फिल्म ठीकठाक कलेक्शन कर रही है।