Cocktail 2 Box Office: ‘भूत बंगला’ के बाद टूटा सिंगल डिजिट का सिलसिला, 2026 का 4th Highest Opening Weekend!

Cocktail 2 box office collection day 3. Photo- Screenshot

मुंबई। Cocktail 2 Box Office Day 3: हिंदी सिनेमा का बॉक्स ऑफिस इस वक्त फ्लॉप की ऐसी मार झेल रहा है कि डबल डिजिट ओपनिंग के लिए भी मेकर्स तरस गये हैं। हालत यह है कि अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी भूत बंगला अभी तक की आखिरी फिल्म है, जिसे डबल डिजिट ओपनिंग मिली है। इसके बाद आईं फिल्में एक के बाद एक धड़ाम हो रही हैं।

भूत बंगला ने 11.50 करोड़ की ओपनिंग ली थी, मगर इसके बाद आईं तमाम सितारों से सजी फिल्में ढेर रहीं।

है जवानी तो इश्क होना है (वरुण धवन), दादी की शादी (कपिल शर्मा, नीतू सिंह), आखिरी सवाल (संजय दत्त), पति पत्नी और वो दो (आयुषमान खुराना), मैं वापस आऊंगा (दिलजीत दोसांझ-नसीरूद्दीन शाह), गवर्नर (मनोज बाजपेयी), भारत भाग्य विधाता (कंगना रनौत) जैसी परिचित, चर्चित और बहुप्रचारित स्टार कास्ट वाली फिल्में डबल डिजिट ओपनिंग के लिए तरसती रहीं।

2026 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग

19 जून को रिलीज हुई होमी अदजानिया निर्देशित कॉकटेल 2 ने सिंगल डिजिट ओपनिंग के सिलसिले को तोड़ते हुए 13.10 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया, जो भूत बंगला से भी अधिक है। धुरंधर 2 (90 करोड़) और बॉर्डर 2 (32.10 करोड़) के बाद कॉकटेल 2 साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है। गौरतलब है कि तीनों ही फिल्में फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं।

  • शाहिद कपूर के करियर की बात करें तो इस साल उनकी यह दूसरी रिलीज है। इससे पहले आई ओ रोमियो फ्लॉप रही थी।
  • 2019 की कबीर सिंह के बाद कॉकटेल 2 शाहिद के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म है। कबीर सिंह ने 20 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग ली थी।

कॉकटेल 2 की लीडिंग लेडीज कृति सेनन और रश्मिका मंदाना हैं। कृति के साथ शाहिद की दूसरी फिल्म है। दोनों इससे पहले तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया में साथ आये थे, जो 2024 में आई थी और सेमी-हिट रही थी। कॉकटेल 2 की गति उस फिल्म के काफी बेहतर है।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas 19th June: सिनेमाघरों में रोमांस, हॉरर और एक्शन का कॉकटेल लेकर आया जून का तीसरा शुक्रवार, देखें पूरी लिस्ट

2026 का चौथा सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड

‘कॉकटेल 2’ ने शनिवार को शानदार उछाल लेते हुए 16.39 करोड़ नेट कलेक्शन किया था और रविवार फिल्म की रफ्तार जारी है। खबर लिखे जाने तक कॉकटेल 2 लगभग 13 करोड़ नेट कलेक्शन कर चुकी है, यानी फिल्म का ओपनिंग वीकेंड 45 करोड़ के आसपास रहने की उम्मीद है, जो 2026 का चौथा सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड है।

  • धुरंधर 2- 503 करोड़
  • बॉर्डर 2- 129.89 करोड़
  • भूत बंगला- 54.50 करोड़
  • कॉकटेल 2- 45 करोड़ (अनुमानित)

कॉकटेल 2, इस फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म है। पहली में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी ने मुख्य किरदार निभाये थे, जो बेहद सफल रही थी। दूसरी फिल्म को उसी तर्ज पर बनाया गया है। फिल्म का म्यूजिक ठीकठाक है और विजुअली काफी रिच है, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर नजर आ भी रहा है।