Alpha Advance Booking: दिल्ली-एनसीआर समेत साउथ के कुछ थिएटर्स में खुली एडवांस बुकिंग, बाकी जगहों पर कल होगी शुरू

Alpha advance booking begins on Wednesday. Photo- X

मुंबई। Alpha Advance Booking: 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही यशराज फिल्म्स की स्पाइ फिल्म ऐल्फा इस वक्त चर्चा के केंद्र में है। इस मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्म को लेकर सोशल मीडिया में तमाम पोस्ट लिखी जा रही हैं। कुछ फिल्म के पक्ष में हैं तो कुछ फिल्म के खिलाफ।

इस बीच मंगलवार को यशराज फिल्म्स ने बुधवार से टिकटों की एडवांस बिक्री शुरू होने की घोषणा कर दी है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर और साउथ के कुछ सिनेमाघरों में मंगलवार शाम से ही एडवांस बुकिंग की विंडो खुली नजर आने लगी है।

चुनिंदा थिएटर्स में एडवांस बुकिंग

टिकट बुकिंग साइट बुक माइ शो में फिल्म के शोज ढूंढने पर पता चलता है कि उत्तर भारत में गुरुग्राम और गाजियाबाद के कुछ सिनेमाघरों में एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। गुरुग्राम के ओमेक्स गुड़गांव मॉल स्थित आरआर सिनेमा और इंदिरापुरम के जयपुरिया मॉल स्थित आरआर सिनेमा में एडवांस बुकिंग के शो नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas This July: ‘ऐल्फा’ से ‘स्पाइडर-मैन’ तक, दूसरी छमाही के पहले महीने में इन फिल्मों के साथ चार गुना होगा ‘धमाल’

दक्षिण की बात करें तो बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में ऐल्फा की एडवांस बुकिंग ओपन हो गई है। हालांकि, शोज की संख्या अभी ज्यादा नहीं है।

अहमदाबाद और कोलकाता में भी फिल्म के टिकटों की एडवांस बिक्री शुरू हो चुकी है। मुंबई और पुणे में अभी तक ऑनलाइल एडवांस बुकिंग शुरू नहीं हुई है। बता दें कि मुंबई टेरीटरी हिंदी फिल्मों का सबसे बड़ा बाजार है, जहां हिंदी बेल्ट से भी अधिक कमाई फिल्में करती हैं। इसलिए यह सबसे अधिक महत्वपूर्ण मार्केट है।

कल शुरू होगी एडवांस बुकिंग

मंगलवार सुबह यशराज फिल्म्स ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी थी कि ऐल्फा की एडवांस बुकिंग कल यानी बुधवार से शुरू हो रही हैं। बुक माइ शो वेबसाइट पर देखें तो फिल्म में दिलचस्पी दिखाने वालों की काफी बड़ी संख्या है। लगभग डेढ़ लाख लोग ऐल्फा में अपनी दिलचस्पी जाहिर कर चुके हैं।

सोशल मीडिया की चर्चा में ऐल्फा

उधर ऐल्फा को लेकर सोशल मीडिया में बहस छिड़ी हुई है। एक्स पर कुछ यूजर्स फिल्म की रिलीज से पहले ही इसे डिजास्टर बताने लगे हैं और अपनी बात साबित करने के लिए तमाम तर्क दे रहे हैं। हालांकि, इनमें ज्यादातर यूजर्स वही हैं, जो आलिया भट्ट के खिलाफ सोशल मीडिया में अक्सर लिखते रहते हैं। ये यूजर्स धुरंधर के साथ फिल्म की तुलना कर रहे हैं।

वहीं, फिल्म को सपोर्ट करने वालों की भी कमी नहीं है, जो ऐल्फा के बॉक्स ऑफिस रन को लेकर आशान्वित नजर आ रहे हैं। उम्मीद कर रहे हैं कि फिल्म अच्छा कारोबार करेगी।

ऐल्फा का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जिन्होंने यशराज के लिए द रेलवेमेन जैसी चर्चित और प्रशंसित वेब सीरीज बनाई थी। फिल्म में आलिया भट्ट, शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर अहम किरदारों में हैं। ऋतिक रोशन फिल्म में कैमियो कर रहे हैं।

आलिया फिल्म में ऐल्फा नाम की मर्सिनरी एजेंसी की मेम्बर बनी हैं, जिसे बॉबी देओल एक किलिंग मशीन बनाने के लिए ट्रेन करता है। ऐल्फा संगठन का निर्माण एक सरकारी प्रोग्राम के लिए किया गया था, जिसे बाद में बंद कर दिया जाता है। इस फैसले से बॉबी देओल का किरदार नाराज हो जाता है और वो ऐल्फा को सरकार के खिलाफ इस्तेमाल करना चाहता है।

इस स्पाइ फिल्म के तार अनिल कपूर और ऋतिक रोशन के जरिए वॉर से जुड़ेंगे।