सेहत की फिक्र करने वालों से सलमान खान ने पूछा- आप लोगों की तबीयत कैसी है? वीडियो के जवाब में पोस्ट कीं अपनी स्टाइलिश तस्वीरें

Salman Khan posts new photos after viral video. Photo- X

मुंबई। Salman Khan Replies To Viral Video: पिछले दो-तीन दिनों से सोशल मीडिया में सलमान खान का एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें सलमान काफी कमजोर नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में सलमान खान को देखकर उनके तमाम फैंस चिंता में पड़ गये।

वहीं, कुछ ऐसे लोग भी थे, जो उनका मजाक उड़ाने लगे। अब सलमान ने सारी शंकाओं को दूर करते हुए अपनी नई तस्वीरें सोशल मीडिया में शेयर की हैं और फिक्र करने वालों से उनकी सेहत का हाल भी पूछा।

सलमान ने पोस्ट कीं नई तस्वीरें

रविवार देर रात सलमान ने एक्स पर अपनी ब्लैक एंड व्हाइट फोटो पोस्ट कीं, जिनमें वो कैप और काउ ब्वॉय हैट लगाये हुए हैं। तस्वीरों में सलमान के चेहरे से उम्र तो झलक रही है, मगर उनके एडिट्यूड में कोई कमी नहीं दिख रही। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा- आप लोगों की तबीयत कैसी है?

सलमान की ये तस्वीरें उन तमाम शंकाओं और चिंताओं का जवाब मानी जा रही हैं, जो पिछले कुछ दिनों से फैंस और यूजर्स सोशल मीडिया में जता रहे थे।

यह भी पढ़ें: Salman Khan VS Kala Hiran: सलमान खान के पीछे एक बार फिर पड़ा ‘काला हिरण’, जानें- क्या है फिल्म से जुड़ा पूरा विवाद?

इससे पहले सलमान की कुछ तस्वीरें भी वायरल हुई थीं, जो किसी फिल्म के सेट से बताई जा रही थीं। इन तस्वीरों में सलमान छोटे बालों के साथ एकदम फिट एंड फाइन दिख रहे थे। इन तस्वीरों को एक्स पर कई फैन एकाउंट्स ने शेयर किया था। माना जा रहा है कि यह वीडियो देखकर ट्रोल करने वालों का सलमान के फैंस का जवाब था। हालांकि, इन तस्वीरों की पुष्टि नहीं हुई है कि अभी की हैं या पुरानी हैं।

वारयल वीडियो में कमजोर दिखे सलमान

सलमान का जो वीडियो वायरल हुआ था, वो किसी इवेंट का बताया जा रहा है। वीडियो में शर्ट और जींस पहने सलमान का चेहरा काफी कमजोर दिख रहा है, जैसे किसी बीमारी से गुजर रहे होंगे। उन्होंने सिर पर कैप लगाई हुई है, जो उनके इस लुक को चिंताजनक बना रही है।

वीडियो में सलमान के चेहरे से वो तेज गायब है, जिसके लिए दबंग खान जाते जाते हैं। सलमान एक-दो बार खांसते भी हैं। इस वीडियो के आने के बाद से उनकी सेहत को लेकर निरंतर चिंताएं जताई जाने लगीं। कुछ लोग उम्र का असर बताकर सहानुभूति जता रहे थे तो तमाम लोगो ऐसे भी थे, जो उनके दबंग व्यक्तित्व की रोशनी में इस लुक के लिए मजाक बना रहे थे।

बहरहाल, सलमान निजी जिंदगी में वाकई किसी तकलीफ से गुजर रहे हैं या किसी किरदार के लिए उन्होंने यह परिवर्तन किया है, कहना मुश्किल है। मगर, अपनी नई तस्वीरें पोस्ट करके उन्होंने फैंस को यकीन दिलाने की कोशिश जरूर की है कि फिक्र की कोई बात नहीं, वो बिल्कुल ठीक हैं।

सलमान खान के करियर की बात करें तो इस समय वो वाम्सी पैडिपल्ली की फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं, जो अगले साल ईद पर रिलीज होगी। इस फिल्म में सलमान के साथ पहली बार नयनतारा नजर आएंगी। इसके अलावा उनकी फिल्म मातृभूमि- मे वॉर रेस्ट इन पीस भी रिलीज पर है। लद्दाख में कथित तौर पर चीनी सैनिकों के साथ हुई भारतीय सिपाहियों की झड़प पर आधारित इस फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि सरकार के निर्देश पर इसमें काफी बदलाव किये गये हैं, जिससे फिल्म की रिलीज में देरी हो रही है। अपूर्व लखिया निर्देशित फिल्म में चित्रांगदा सिंह फीमेल लीड हैं।