मुंबई। Welcome To The Jungle Box Office Day 1: बॉलीवुड फिल्मों के लिए साल 2026 की पहली छमाही बहुत अच्छी नहीं रही है। इस दौरान रिलीज हुईं ज्यादातर फिल्में फ्लॉप रही हैं। हालत यह है कि 50 करोड़ जुटाना भी भारी पड़ गया। हालांकि, अक्षय कुमार अभिनीत-निर्मित फिल्म वेलकम टू द जंगल (वेलकम 3) की ओपनिंग देखकर लगता है कि पहली छमाही का अंत बुरा नहीं होगा।
फिल्म ने अपेक्षाओं के अनुरूप बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन शुरुआत की है। अहमद खान निर्देशित इस मल्टीस्टारर फिल्म ने डबल डिजिट ओपनिंग ली है, जो साल 2026 की अभी तक तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है।
जून के आखिरी शुक्रवार (26 जून) को सिनेमाघरों में रिलीज हुई वेलकम टू द जंगल ने 14.80 करोड़ नेट कलेक्शन किया। इससे पहले 25 जून को पेड प्रीव्यूज के जरिए फिल्म ने 3.93 करोड़ जुटा लिये थे। फिल्म की यह शुरुआत उत्साहजनक है और बड़े कलेक्शन की ओर संकेत करती है।
2026 के फर्स्ट हाफ की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
2026 में वेलकम टू द जंगल अक्षय कुमार की दूसरी रिलीज है। इससे पहले आई हॉरर कॉमेडी भूत बंगला ने भी डबल डिजिट ओपनिंग ली थी, हालांकि वेलकम 3 ने उसे पीछे छोड़ दिया है। साल के टॉप 5 ओपनिंग कलेक्शंस की लिस्ट में अब अक्षय कुमार की दो फिल्में हो गई हैं।
- धुरंधर 2- 90 करोड़
- बॉर्डर 2- 32.10 करोड़
- वेलकम टू द जंगल- 14.80 करोड़
- कॉकटेल 2- 13.10 करोड़
- भूत बंगला- 11.50 करोड़
टॉप 5 फिल्मों में भूत बंगला को छोड़कर सभी सीक्वल और फ्रेंचाइजी फिल्में हैं।
यह भी पढ़ें: Cocktail 2 Box Office: ‘भूत बंगला’ के बाद टूटा सिंगल डिजिट का सिलसिला, 2026 का 4th Highest Opening Weekend!
तीसरी वेलकम में फेक फिल्म बनाने की कहानी
वेलकम टू द जंगल, वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। पहली दोनों फिल्मों का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था। तीसरी फिल्म अहमद खान ने डायरेक्ट की है। हालांकि, कहानी का प्रीमाइस पहल वेलकम से मिलता-जुलता है। वेलकम में भी एक फर्जी फिल्म बनाने के प्लॉट को कहानी में शामिल किया गया था।
वेलकम 3 में 2000 करोड़ रुपय की एक फेक फिल्म नकली कलाकारों के साथ बनाने की प्रक्रिया से ह्यूमर निकाला गया है, मगर अहमद कहानी को इस बार जंगल में ले गये हैं।
पहली दो फिल्मों में गैंगस्टर भाई उदय शेट्टी और मजनूं भाई के किरदार इस फ्रेंचाइजी की बड़ी पहचान रहे हैं, जिन्हें तीसरी फिल्म में जारी रखा गया है, मगर कलाकार बदल दिये गये। नाना पाटेकर और अनिल कपूर की जगह अरशद वारसी और सुनील शेट्टी ने ले ली।
वेलकम टू द जंगल बेहद बड़ी स्टार कास्ट वाली फिल्म है। अक्षय कुमार के डबल रोल के साथ फिल्म में रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिज, लारा दत्ता, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदसानी, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, फरीदा जलाल, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, जाकिर हुसैन, किरन कुमार, विंदु दारा सिंह, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी और सुनील शेट्टी हैं।

