मुंबई। Aamir Khan Gauri Spratt Marriage: हिंदी सिनेमा के सबसे कामयाब सितारों में से एक आमिर खान कभी अपनी फिल्मों और किरदारों के लिए खबरों में रहते थे, मगर पिछले कुछ वक्त से मिस्टर परफेक्शनिस्ट अपनी निजी लाइफ को लेकर ज्यादा चर्चा में रहे हैं। उम्र के साठ दशक पार कर चुके आमिर 5 जुलाई को मनोरंजन जगत की खबरों में छाये रहे।
वजह उनकी तीसरी शादी बनी। आमिर ने मुंबई की रिमझिम बारिश के बीच अपने आवास पर लगभग दो साल पुरानी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ रजिस्टर्ड मैरिज की, जिसमें व्यापार, फिल्म और खेल जगत की कई हस्तियां मेहमान बनकर शामिल हुईं।
आमिर-गौरी ने की रजिस्टर्ड मैरिज
शादी के बाद मीडिया में जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें आमिर अपने परिवार के साथ कागजों पर सिग्नेचर करते दिख रहे हैं। एक तस्वीर में गौरी स्प्रैट सिग्नेचर करने के बाद खुशी से चिल्लाने वाली मुद्रा में नजर आ रही हैं। पीआर एजेंसी स्पाइस ने तस्वीरों को सोशल मीडिया में साझा किया है।

शादी में आमिर के परिवार के नजदीकी सदस्यों के अलावा दोनों बेटे जुनैद और आजाद और बेटी आइरा भी शामिल हुए। आमिर खान ने अपने 60वें जन्मदिन पर पिछले साल गौरी के साथ अपनी रिलेशनशिप को सार्वजनिक किया था। हालांकि, 2024 से दोनों रिलेशनशिप में थे।
शादी में थिरके आमिर और गौरी
क्रिकेटर इरफान पठान ने शादी का वीडियो शेयर किया है, जिसमें आमिर और गौरी एक-दूसरे को कानूनी रूप से पति-पत्नी कुबूल करते हैं और फिर आमिर गौरी का हाथ चूमते हैं। इसके बाद सभी मिलकर डांस करते हैं। वीडियो में आमिर के लगान को-एक्टर्स के साथ राज कुमार हिरानी भी नजर आते हैं।
वीडियो के साथ इरफान ने लिखा- प्यारे आमिर भाई और गौरी, आपको शादी के लिए हार्दिक बधाई। आप दोनों को जीवन भर के लिए प्यार, खुशी और साथ रहने की शुभकामनाएं। अल्लाह आपके इस खूबसूरत सफर को खूब आनंद और आशीर्वाद बख्शें।
शादी में राजकुमार हिरानी और इरफान के अलावा उद्योगपति मुकेश अंबानी, महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के चीफ राज ठाकरे, आमिर की पूर्व पत्नी किरण राव, निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती, एली एव्राम समेत नजदीकी लोग शामिल हुए।
आमिर की यह तीसरी शादी है, जबकि गौरी की दूसरी। आमिर की पहली शादी रीना दत्ता के साथ 80 के मध्य में हुई थी, जबकि किरण राव से उन्होंने दूसरी शादी नई सदी के शुरुआती सालों में की थी। रीना से आमिर के बेटा जुनैद और बेटी आइरा हैं, जबकि किरण संग शादी से बेटा आजाद हुआ। गौरी के भी करीब सात साल का एक बेटा है।

