मुंबई। Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Box Office: वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। हालांकि, फिल्म से जिस धूमधाम की उम्मीद थी, वो नजर नहीं आ रही।
अगर, पिछले दो शुक्रवारों को रिलीज हुई फिल्मों से तुलना करें तो ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की गति ठीक लगती है, मगर वरुण धवन की अपनी फिल्मों की तुलना में देखें तो डेविड धवन निर्देशित फिल्म कमजोर नजर आ रही है।
ओपनिंग वीकेंड में 24 करोड़ कमाई का अनुमान
ट्रेड सोर्सेज के मुताबिक, कॉमेडी ड्रामा ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने पहले शुक्रवार को 7.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसके बाद शनिवार को यह भी आंकड़ा लगभग 7.50 करोड़ रहा। मगर, रविवार को कलेक्शंस में उछाल आया और फिल्म ने लगभग 9 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जिसके मिलाकर ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का तीन दिनों यानी ओपनिंग वीकेंड का नेट कलेक्शन 24 करोड़ रहा। यह ट्रेड फिगर है।
निर्माताओं की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 28.51 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 41.99 करोड़ रहा। इस आंकड़े के मुताबिक, फिल्म ने 8.65 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि शनिवार और रविवार को 9.10 करोड़ और 10.76 करोड़ नेट कलेक्शन किया।

फिल्म से बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद थी। वरुण धवन की फैन फॉलोइंग, डेविड धवन का निर्देशन और फिल्म के प्रमोशंस के मद्देनजर से कम से कम डबल डिजिट ओपनिंग मिलनी चाहिए थी और ओपनिंग वीकेंड में फिल्म का नेट कलेक्शन 35-40 करोड़ होना चाहिए था।
पोस्ट कोविड वरुण के ओपनिंग वीकेंड
अहम बात यह है कि पोस्ट कोविड वरुण धवन का यह सबसे कमजोर ओपनिंग वीकेंड है। कोविड महामारी के बाद के कालखंड (2022-2026) में वरुण की पांच फिल्में आईं। अगर, इसी साल आई मल्टीस्टारर बॉर्डर 2 को छोड़ दें तो चार फिल्मों में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई है, मगर इनमें एक भी फिल्म हिट का दर्जा हासिल नहीं कर पाई।
गौर करने वाली बात यह है कि इन सभी फिल्मों के ओपनिंग वीकेंड ‘है जवानी तो इश्क होना है’ से बेहतर रहे हैं।
- जुग जुग जीयो (2022): ₹36.93 करोड़
- सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी (2025): ₹32.12 करोड़
- भेड़िया (2022): ₹28.55 करोड़
- बेबी जॉन (2024): ₹27.38 करोड़
- बॉर्डर 2 (2026): ₹129.89 करोड़ (लीड रोल- सनी देओल)
अगर, प्रोड्यूसर्स फिगर के नजरिए से देखें तो भी ‘है जवानी तो इश्क होना है’ पोस्ट कोविड वरुण (लीड रोल में) की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग है।
पति पत्नी और चांद मेरा दिल से बेहतर प्रदर्शन
अब अगर, इसकी तुलना पति पत्नी और वो दो और चांद मेरा दिल से करें तो स्थिति बेहतर लगती है। 15 मई को रिलीज हुई पति पत्नी और वो दो ने 20.11 करोड़ नेट कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था, जबकि चांद मेरा दिल ने 12.47 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में जुटाये थे।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ का बॉक्स ऑफिस पर यह हाल फिक्र की बात है और फिल्ममेकर्स के लिए सुलगता हुआ सवाल कि आखिर दर्शक सिनेमाघरों तक क्यों नहीं पहुंच रहे?
(इस खबर को अंतिम आंकड़े आने के बाद अपडेट किया है)

