मुंबई। Main Vaapas Aaunga: इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की टीम के लिए आज (रविवार) का दिन बेहद खास था। जाने-माने संगीतकार ए.आर. रहमान ने आइकॉनिक अटारी बॉर्डर पोस्ट पर अपना पहला लाइव परफॉर्मेंस दिया, जिसके जरिए भारत-सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के बहादुर जवानों को सलाम किया।
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के दौरान आयोजित ‘जय हो- ए म्यूजिकल सैल्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ कार्यक्रम में हजारों दर्शक जेसीपी स्टेडियम में जमा हुए। देशभक्ति, कृतज्ञता और राष्ट्रभावना का जश्न मनाया गया। स्टेडियम में तालियों की गूंज, खुशी की लहर और गर्व की भावना ने खूब समां बांधा।
विभाजन और बिछड़े प्यार की कहानी
अटारी बॉर्डर पर यह परफॉर्मेंस फिल्म के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि इसका रिश्ता फिल्म की कहानी से भी है। ‘मैं वापस आऊंगा’ 1947 के भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित प्रेम और विरह की कहानी है। दशकों बाद जब विभाजन के दर्द की बातें हो चुकी हैं, तब भी बचा है सिर्फ वह शुरुआती प्रेम जो इतना निजी था कि शेयर नहीं किया जा सका।
कार्यक्रम की शुरुआत इम्तियाज अली, बिड़ला स्टूडियोज की अनन्या बिड़ला, वेदांग रैना और विंडो सीट फिल्म्स के प्रोड्यूसर मोहित चौधरी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बीएसएफ का आभार व्यक्त किया। फिल्म के निर्माताओं ने जल्द रिलीज होने वाले अपने म्यूजिक एल्बम को देश के सभी सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को समर्पित किया।

संगीत कार्यक्रम की शुरुआत ए.आर. रहमान की भावपूर्ण और उत्साहवर्धक धुन ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ से हुई। इसके बाद ‘मैं वापस आऊंगा’ की दुनिया में प्रवेश हुआ। फिल्म के गीतों की एनर्जेटिक परफॉर्मेंस दी गई।
‘मस्कारा’ गाने को नीलांजना घोष और वेदांग रैना ने गाया, जबकि ‘इश्क मस्ताना’ को मोहित चौहान, पूजा तिवारी, नर्गिस और अन्य कलाकारों ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन ए.आर. रहमान के लोकप्रिय गीत ‘मां तुझे सलाम’ के साथ हुआ, जिसमें पूरा स्टेडियम भावुकता और राष्ट्रगर्व से भर गया।
12 जून को रिलीज होगी फिल्म
इस मौके पर इम्तियाज अली ने कहा, “यह बेहद अनोखा कार्यक्रम है। ए.आर. रहमान का जेसीपी स्टेडियम में अटारी गेट पर परफॉर्म करना। यह हमारे बॉर्डर पर तैनात बीएसएफ और भारतीय सेना के बहादुरों, राष्ट्रभावना और एकता के प्रेम को समर्पित है।
मैं इस ट्रुप का हिस्सा बनकर खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं। यह जादुई बात है कि यह कार्यक्रम ‘मैं वापस आऊंगा’ के इर्द-गिर्द हुआ है- एक फिल्म, जो 1947 के विभाजन के दौरान बनी सीमा की कहानी कहती है। सिर्फ घर और जिंदगियां नहीं, दिल भी टूटे थे। हम प्रेम का संदेश ले आए हैं, क्योंकि आखिरकार प्रेम ही हमें संभालता है।”
‘मैं वापस आऊंगा’ में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना प्रमुख भूमिकाओं में हैं। संगीत ए.आर. रहमान का है, गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। म्यूजिक टिप्स म्यूजिक पर उपलब्ध है।

