मदर्स डे से पहले आई सेलिना जेटली की यह तस्वीर दिल तोड़ देगी आपका, आंसुओं से बेटे की कब्र साफ करती दिखीं एक्ट्रेस

Celina Jately cries and washes her son's grave. Photo- Instagram

मुंबई। Celina Jaitly Cries at Son’s Grave: निजी जीवन में बेहद भावनात्मक दौर से गुजर रहीं एक्ट्रेस सेलिना जेटली की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो किसी भी इंसान का कलेजा कंपा सकती है। आंसुओं की धार के बीच सेलिना अपने बेटे की कब्र साफ कर रही हैं। वीडियो सेलिना ने खुद इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है और दर्दभरी आपबीती साझा की है, जिसके मुताबिक पति से तलाक की प्रक्रिया ने उन्हें अपने बच्चों से दूर कर दिया है।

आने वाले रविवार को दुनियाभर में मदर्स डे मनाया जाएगा और उससे पहले आई सेलिना की यह तस्वीर वाकई दिल तोड़ने वाली है। सेलिब्रिटी होने के बावजूद सेलिना किस कदर मजबूर हैं कि अपने बच्चों से मिल तक नहीं पा रहीं।

सेलिना ने वीडियो के साथ लिखा अपना दर्द

गुरुवार को सेलिना ने इंस्टाग्राम पर वीडियो के साथ लम्बी पोस्ट लिखी और इस वीडियो को पोस्ट करने की वजह बताई।

इस वीडियो को पोस्ट करने के अलावा मेरे पास कोई चारा नहीं था, ताकि पूरी दुनिया देख सके कि एक मां किस दर्द से गुजर रही है। पिछले कुछ हफ्ते मेरे लिए सबसे मुश्किल रहे हैं। मैं अपने तलाक के केस की सुनवाई के लिए ऑस्ट्रिया में थी।

यह भी पढ़ें: तलाक की खबरों के बीच सेलिना जेटली ने मीडिया से की यह अपील, पति पीटर हाग पर किया है डोमेस्टिक वायोलेंस का मुकदमा

सेलिना आगे लिखती हैं- एक ऑस्ट्रियन जज के सामने शपथ के बावजूद मुझे मेरे बच्चों से नहीं मिलने दिया गया, जिन्हें हमारे शादी वाले घर में रखने के बजाए एक गुप्त जगह पर रखा गया है। मैं बस अपने बेटे शमशेर से ही मिल पाई, जो कुछ वक्त पहले गुजर गया था।

यह एक ऐसी मां की हृदयविदारक कहानी है, जिसने बच्चों के जन्म से लेकर अब तक अपने बच्चों के लिए सब कुछ किया। अपने पति को सपोर्ट करने के लिए मैंने अपना देश, अपने माता, काम छोड़ा और भारत से दुबई, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया, फिर दुबई और फिर ऑस्ट्रिया घूमती रही।

उसकी महत्वाकांक्षाओं को सपोर्ट करने के लिए उसके पीछे खड़ा रही और अपने बच्चों की परवरिश अकेले करती रही। शादी और बच्चों की खातिर, मैं अपनी जायदाद एक-एक करके जाते हुए देखती रही। गालियां सहती रही।

आपसी समझ से अलग होने के लिए कानूनी और संजीदा कोशिशों के बावजूद, हर गुजारिश को एक नाजायज मांग का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रियन फैमिली कोर्ट की ओर से जारी साझा कस्टडी के बावजूद, मुझे अपने 3 बच्चों से दूर रखा जा रहा है। मैं पूरी तरह टूट गई हूं।

बच्चों से मिलने से मुझे रोका जाता है। मीडिया में एक नैरेटिव चलाया जाता है, जिससे मैं बच्चों से संवाद नहीं रख पाती।

सेलिना आगे लिखती हैं कि सितम्बर की शुरुआत में मेरे पति ने शादी की 15वीं सालगिरह पर गिफ्ट की आड़ में मुझे स्थानीय पोस्ट ऑफिस से तलाक का नोटिस भेजा। अपने बच्चों की खातिर, मैंने अपसी रजामंदी से अलग होने की कई बार कोशिश की।

मगर, मेरी इन कोशिशों के बदले हमेशा मुझसे शादी से पहले की मेरी संपत्ति मांगी गई और अनुचित मांगें की गईं, ताकि तलाक के बाद मैं अपनी आजादी और आत्म-सम्मान भी खो दूं।

पति के साथ चल रहा तलाक का केस

बता दें, सेलिना जेटली ने ऑस्ट्रियन बिजनेसमैन पीटर हाग के साथ शादी की थी। 2012 में उन्होंने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। 2017 में सेलिना दूसरी बार जुड़वां बच्चों की मां बनीं, मगर दिल में खराबी के कारण एक बच्चे की मौत हो गई। सेलिना वीडियो में इस बच्चे की कब्र पर नजर आ रही हैं, जिसका नाम उन्होंने शमशेर रखा था।

2025 में सेलिना ने मुंबई की अदालत में डोमेस्टिक वायोलेंस एक्ट के तहत अपने पति के खिलाफ मुकदमा दायर किया। सेलिना ने अपने नुकसान के लिए पति से 50 करोड़ रुपये की मांग की है।

सेलिना ने पति से अपनी आमदनी खत्म होने और संपत्ति की क्षति के साथ भावनात्मक और शारीरिक शोषण के लिए हर्जाना मांगा है। साथ ही, 10 लाख रुपये मासिक रख-रखाव का खर्च और बच्चों की कस्टडी मांगी है।