मुंबई। The Kerala Story 2 Goes Beyond: लम्बी कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। हालांकि, फिल्म के शुरुआती कलेक्शंस बेहद कम हैं। शुक्रवार को फिल्म ने लगभग 75 लाख रुपये की कमाई की, जबकि शनिवार को खबर लिखे जाने तक फिल्म लगभग 60 लाख रुपये बटोर सकी है।
पहले दिन केरल हाई कोर्ट के फैसले के कारण फिल्म की रिलीज को लेकर अनिश्चितता रही, जिसका असर कलेक्शंस पर पड़ा। हालांकि, दूसरे दिन कोई खास उछाल नहीं है।
उधर, अदालत का आदेश आते ही सोशल मीडिया में फिल्म के प्रमोशन की कवायद शुरू हो गई। इसी क्रम में शुक्रवार को अभिनेत्री प्रणीता सुभाष ने फिल्म के समर्थन में पोस्ट लिखी, जिस पर उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
प्रणीता ने एक्स पर किया फिल्म का प्रमोशन
प्रणीता ने शनिवार को द केरल स्टोरी 2 का पोस्टर शेयर करके एक्स पर लिखा- सत्य की ही जीत होती है। इसके साथ उन्होंने शो योर डॉटर्स हैशटैग लिखा, यानी अपनी बेटियों को दिखाओ।
यह भी पढ़ें: सिनेमाघरों में रिलीज हुई The Kerala Story 2, केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने पलटा एकल पीठ का स्टे ऑर्डर
प्रणीता की इस पोस्ट के जवाब में कई यूजर्स ने उन्हें याद दिलाया कि उन्हें यूएई, जो एक मुस्लिम देश है, ने गोल्डन वीजा दिया हुआ है और अब वो मुस्लिमों के खिलाफ नफरत फैलाने वाली फिल्मों को एंडोर्स कर रही हैं।
कौन हैं प्रणीता सुभाष?
प्रणीता सुभाष साउथ फिल्मों की एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा की फिल्मों में ज्यादा काम किया है। हिंदी में उन्होंने हंगामा 2 से डेब्यू किया था। फिर अजय देवगन की फिल्म भुज में नजर आई थीं। मलयालम सिनेमा में 2024 में डेब्यू किया था।
क्यों हो रहा है द केरल स्टोरी 2 का विरोध?
द केरल स्टोरी 2 की कहानी के केंद्र में तीन युवतियां हैं, जिन्हें मुस्लिम युवकों से प्यार हो जाता है। शादी के बाद इन लड़कियों पर उनके शौहर और ससुरालवाले धर्म परिवर्तन के लिए जमकर जुल्म ढहाते हैं।
कामाख्या नारायण सिंह निर्देशित फिल्म के टीजर और ट्रेलर में दिखाये गये दृश्य और संवाद व्हाट्सअप फॉरवर्ड्स की याद दिलाते हैं। हालांकि, मेकर्स ने दावा किया है कि फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है, जो देश के अलग-अलग राज्यों में घटी हैं।
फिल्म के टाइटल और विषय को लेकर केरल हाई कोर्ट में तीन याचिकाएं दाखिल की गई थीं, जिस पर सुनवाई के बाद गुरुवार को एकल पीठ ने 15 दिनों के लिए रिलीज पर रोक लगा दी थी। हालांकि, उसी दिन शाम को डिवीजन बेंच ने सुनवाई की और शुक्रवार (जिस दिन फिल्म रिलीज होने वाली थी) शाम को एकल पीठ के निर्णय को पलटते हुए रोक हटा दी।
फिल्म को लेकर सोशल मीडिया में अभी भी बवाल मचा हुआ है। विरोध करने वाले इसे प्रोपेगैंडा फिल्म कह रहे हैं तो समर्थक इसे आंखें खोलने वाली फिल्म बता रहे हैं। फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है।

