मुंबई। Maa-Behen Trailer: नेटफ्लिक्स ने शुक्रवार को ‘मां बहन’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया। यह एक क्राइम-कॉमेडी है, जिसमें झूठ की लड़ाई इतनी बढ़ जाती है कि संदेह का तूफान आ जाता है और एक डिसफंक्शन परिवार में मां-बेटियों की तिकड़ी को अपने सबसे बड़े कांड से बचकर निकलना पड़ता है।
क्या है फिल्म की कहानी और किरदार?
अबुदंतिया एंटरटेनमेंट और ओपनिंग इमेज फिल्म्स ने मां बहन का निर्माण किया है, जबकि निर्देशक सुरेश त्रिवेणी हैं, जो इससे पहले अनिल कपूर को लेकर सूबेदार बना चुके हैं। फिल्म में एक डिसफंक्शनल मां-बेटी तिकड़ी दिखाई गई है, जो एक लाश छुपाने की कोशिश करती है, लेकिन आस-पास के अनियंत्रित हंगामे, जासूसी करने वाले पड़ोसी और अपनी अनोखी फैमिली डायनामिक्स के बीच फंस जाती है।
फिल्म में मुख्य किरदार हैं:
रेखा (माधुरी दीक्षित)
जया (तृप्ति डिमरी)
सुषमा (धरना दुर्गा)
गुप्ता जी (रवि किशन)
गुप्तैन (गीतांजलि कुलकर्णी)
महेश्वरी (अरुणोदय सिंह)
मनस (शार्दूल भारद्वाज)
क्या बोले निर्देशक और कलाकार?
निर्देशक और प्रोड्यूसर सुरेश त्रिवेणी ने बताया- “मां बहन के जरिए हम एक ऐसी कहानी कहना चाहते थे, जो जड़ों से जुड़ी भी हो और बेहद मनोरंजक भी। फिल्म एक डिसफंक्शनल फैमिली की है, जिसमें मां रेखा और उसकी दो बेटियां जया व सुषमा लगातार एक-दूसरे से उलझती रहती हैं।
अब उनके सामने एक कांड आ जाता है, जिसके कारण बहुत सारा हंगामा, कॉमेडी और अजीबोगरीब परिस्थितियां पैदा हो जाती हैं, जिन्हें उन्हें छुपाना और संभालना पड़ता है। हर किरदार कहानी में अलग-अलग एनर्जी लाता है, जिससे उनका रिश्ता अप्रत्याशित, उलझा और बेहद इंसानी हो जाता है।
माधुरी, तृप्ति, धरना, रवि, गीतांजलि, अरुणोदय और शार्दूल जैसे कलाकारों के साथ काम करने से ये पागलपन और भी जादुई हो गया।”
माधुरी दीक्षित ने कहा- “रेखा टिपिकल हिंदी सिनेमा की मां नहीं है और यही बात मुझे सबसे ज्यादा एक्साइटिंग लगी। एक अभिनेत्री के तौर पर ऐसे लेयर्ड और अनप्रेडिक्टेबल रोल करना बेहद संतोषजनक है, जो दर्शकों की उम्मीदों को चुनौती देते हैं।

रेखा परफेक्ट मां नहीं हो सकती, लेकिन हर मां की तरह वो अपनी बेटियों के लिए सबसे अच्छा चाहती है और पूरे हंगामे के बीच परिवार को जोड़े रखने की कोशिश करती है। सुरेश त्रिवेणी जैसे क्रिएटर्स, नेटफ्लिक्स और अबुदंतिया एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर मुझे ये अनोखी कहानी और किरदार पेश करने का मौका मिला।”
तृप्ति डिमरी ने कहा- “जया घर की सुशील बेटी है, लेकिन उसमें सही-गलत की गहरी समझ भी है। वो लगातार आसपास के हंगामे को संभालने की कोशिश करती है, पर खुद और गहरे फंसती जाती है। दोनों बहनों के बीच के संंबंध और दीवानगी मेरे सबसे पसंदीदा हिस्सों में से एक था। लेजेंड्री माधुरी दीक्षित के साथ स्क्रीन शेयर करना सपने जैसा है।”
रवि किशन ने कहा- “मामला लीगल है सीजन 2 की सफलता के बाद अब दर्शक ‘मां बहन’ में मेरा काम देखेंगे। इस फिल्म में इतने प्रतिभाशाली सह-कलाकारों के साथ काम करना तरोताजा अनुभव था। आखिरकार माधुरी जी के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला।
तृप्ति और धरना की नई ऊर्जा कमाल की थी। फिल्म में हंसी, पागलपन और गर्मजोशी का अनोखा मेल है।”
धरना दुर्गा ने बताया- “स्क्रिप्ट पढ़ते ही पता चल गया कि सुषमा किरदार खेलना मजेदार होने वाला है। रेखा, जया और सुषमा के बीच का रिश्ता- भले ही लड़ाइयां हों, लेकिन अंदर से बंधन बहुत मजबूत है। माधुरी दीक्षित मैम के साथ काम करना सपना था। तृप्ति के साथ मेरी केमिस्ट्री कॉमेडी का तूफान है।
‘मां बहन’ मेरा स्ट्रीमिंग डेब्यू है और नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफॉर्म के साथ शुरू करने से बेहतर क्या हो सकता था।”
कब रिलीज होगी फिल्म?
मां बहन 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

