शालीन मल्होत्रा और सुयश रॉय बने निर्देशक, जानें- कब और कहां देखें करण वाही और सुरभि ज्योति स्टारर वेब सीरीज?

Seven and a Half Dates announced. Photo- Instagram

मुंबई। Shaalien Malhotra and Suyyash Rai Debut As Director: अभिनेता शालीन मल्होत्रा और सुयश रॉय निर्देशक के तौर पर अपने करियर में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। दोनों कलाकारों का डेब्यू सेवन एंड अ हाफ डेट्स के साथ होगा, जो एक रोमांटिक सीरीज है। इस शो में करण वाही और सुरभि ज्योति मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

सीरीज में आठ एपिसोड्स और 8 नई रचनाएं होंगी। ये दो पूरी तरह विपरीत व्यक्तित्व वाले लोगों की कहानी है। जब दोनों मिलते हैं और डेटिंग शुरू करते हैं तो भय, वक्त और खामोशी प्यार की राह में बाधा बनने लगते हैं। सीरीज 24 मई से नोविस रिकॉर्ड्स के यू-ट्यूब चैनल पर देखी जा सकती है।

रोमांटिक कहानी कहना चाहता था- शालीन

सीरीज के लेखक-निर्देशक और निर्माता शालीन ने कहा- ”करीब 10 सालों तक अभिनय करने के बाद, मैं हमेशा अभिनय से परे कुछ नया सीखने और करने के लिए लालायित रहता था। इस दौरान मैंने लक फिल्म्स के साथ प्रोडक्शन में कदम रखा और विज्ञापन बनाये, लेकिन लेखन कुछ ऐसी चीज थी, जो मेरे लिए हमेशा निजी रही।

कुछ लोग शायद उम्मीद ना करें, लेकिन मैं अंदर से एकदम रोमांटिक हूं और ऐसी कहानी कहना चाहता था, जो वास्तविक और अपनी-सी लगे। सेवन एंड अ हाफ डेट्स का विचार तब आया, जब सुयश ने मुझसे पूछा कि क्या मेरे पास कोई कहानी है और उसके बाद सब होता चला गया।

17 सालों के अपने सबसे करीबी दोस्त के साथ काम करना इस यात्रा का सबसे सुगम और खास पहलू रहा, क्योंकि हम दोनों का नजरिया एक ही था। मेरे लिए सबसे खास बातों में से एक करण को निर्देशित करना था, जिसे मैं अपनी दोस्त सुरभि की तरह 20 सालों से जानता हूं। मुंबई आने से भी पहले से।

दोस्तों से ज्यादा, इन दोनों ने किरदारों को जीवित कर दिया, जिसकी मैंने भी कल्पना नहीं की थी। यह शो हर उस व्यक्ति के लिए है, जिसने कभी प्यार किया हो, या प्यार में है या प्यार में यकीन करता हो।”

स्टोरी-टेलिंग रहा है पैशन- सुयश

निर्देशक-निर्माता सुयश ने कहा- “17 साल पहले जब मैं मुंबई आया था, मैं सिर्फ 20 साल का युवा था, जिसकी आंखों में सपने तो बहुत थे, मगर कोई प्लान नहीं था। लेकिन, मैंने हमेशा अपने दिल की सुनने में यकीन किया। निर्देशक बनने की कोई योजना नहीं थी, लेकिन स्टोरी-टेलिंग मेरा पैशन रहा, क्योंकि मैं अपने ढंग से कहानी कहना चाहता था- इमोशंस, विजुअल और संगीत के जरिए। ये सब हमेशा से मेरा बड़ा हिस्सा रहा है।

इसी तरह सेवन एंड अ हाफ डेट्स बनी, जो शालीन और मेरी ओर से एक म्यूजिकल है। किसी ऐसी चीज पर अपने सबसे अच्छे दोस्तों के साथ काम करना पूरे सफर को खूबसूरत बना देता और मुझे वाकई यह यकीन है कि इस कहानी से सभी लोग रिलेट करेंगे।

कुछ बेहद खास लिखने के लिए सारा क्रेडिट शालीन को जाता है और करण-सुरभि को भी, जिन्होंने इस कहानी को पूरी ईमानदारी के साथ जीवित किया है। हमने यह सीरीज बड़े प्यार से बनाई है और उम्मीद है कि दर्शक भी ऐसी ही महसूस करेंगे।”

नोविस रिकॉर्ड्स और लक फिल्म्स ने सीरीज का निर्माण किया है।