मुंबई। Mrunal Thakur Regrets SOS 2: अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’, 2025 की सबसे घटिया फिल्मों में से एक थी। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म नहीं चली। इस फिल्म में मृणाल ठाकुर ने फीमेल लीड रोल निभाया था और अजय के साथ फिल्म का जमकर प्रमोशन किया था।
फिल्म में उनका किरदार अजय की प्रेमिका का था। फिल्म को लेकर अब मृणाल ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है।
एडिटिंग टेबल पर काटे गये सीन
एक्स पर प्रेमा जर्नलिस्ट के साथ मृणाल के एक इंटरव्यू की क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें वो सन ऑफ सरदार 2 की असफलता पर बात कर रही हैं। मृणाल कहती हैं- मैं सन ऑफ सरदार की पूरी टीम को प्यार करती हूं। हम एक परिवार की तरह हैं, लेकिन मुझे यह नहीं पता था कि मेरे दो अहम सीन एडिटिंग टेबल पर काट दिये जाएंगे।
ये रोशनी (वालिया) और मेरे खूबसूरत सींस थे। वो मेरी बहन की बेटी के रोल में थी और फिल्म में मेरी बहन मर जाती है। यह बस एक नैरेटिव था। उसकी बेहतरी के लिए मैं अपनी निजी जिंदगी को कुर्बान कर देती हूं। वो मुझसे कहती है कि अच्छा है, मेरी मां नहीं है। मेरे पास तुम हो। मैं दुआ करती हूं कि हर किसी को तुम्हारी जैसी मां मिले। तुमने मुझे पैदा नहीं किया, लेकिन देखभाल की है।
यह भी पढ़ें: फिर साथ आएगी ब्लॉकबस्टर ‘सैयारा’ की तिकड़ी, अहान पांडेय-अनीत पड्डा और मोहित सूरी के साथ YRF ने किया नई फिल्म का एलान
सीनियर एक्टर ने निभाया पति का रोल
मृणाल आगे कहती हैं कि फिल्म में यह नैरेटिव मिसिंग था। मुझे यह भी नहीं मालूम था कि बहुत सीनियर एक्टर मेरे पति का रोल निभाने जा रहा है, क्योंकि यह मेरी सोच को पूरी तरह बदल देता। मुझे फिल्म से यह उम्मीद नहीं थी। यहां थोड़ी मायूसी हुई।
मेरा यकीन थोड़ा-बहुत हिल गया। लेकिन, मुझे कोई अफसोस नहीं है। मुझे असफलताओं से सीखना है। मुझे हिट, फ्लॉप और ब्लॉकबस्टर फिल्में करनी हैं। अगर, स्क्रिप्ट पढ़कर समझ में आ जाए कि यह ब्लॉकबस्टर होगी तो सारे एक्टर्स ब्लॉकबस्टर फिल्में ही करेंगे।
बता दें, 2025 में रिलीज हुई सन ऑफ सरदार 2 का निर्देशन विजय कुमार अरोड़ा ने किया था। अजय ने फिल्म में अपने पुराने किरदार जसविंदर सिंह रंधावा उर्फ जस्सी को आगे बढ़ाया था। मृणाल ठाकुर राबिया अख्तर के रोल में थीं, जबकि रोशनी वालिया ने उनकी बहन की बेटी सबा का किरदार निभाया था। चंकी पांडेय ने राबिया के पति दानिश का किरदार निभाया था।
मृणाल की फिल्म डकैत- एक प्रेम कथा हाल ही में रिलीज हुई है और सिनेमाघरों में चल रही है। फिल्म में अदिवी शेष लीड रोल में हैं। यह फिल्म तेलुगु के साथ हिंदी में भी रिलीज हुई है।

