मुंबई। Wagh Nakh Scene Controversy in Raja Shivaji Trailer: हाल ही में रितेश देशमुख ने अपनी फिल्म राजा शिवाजी का ट्रेलर रिलीज किया। रितेश इस फिल्म में शिवाजी महाराज का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने फिल्म का निर्देशन और निर्माण भी किया है। ट्रेलर को जोरदार प्रतिक्रिया मिली और कई लोगों ने इसकी तारीफ की।
तारीफों के बीच कुछ लोगों ने ट्रेलर में दिखाये गये एक सीन पर एतराज जताया, इनमें राजनीतिक विश्लेषक और बीजेपी कार्यकर्ता सुरेश नखुआ भी शामिल हैं। सुरेश ने वाघ नख वाले दृश्य को शिवाजी की विरासत का अपमान कहा है, जिसका रितेश ने जवाब दिया है।
वाघ नख दिखाने पर एतराज
सुरेश ने एक्स पर ट्रेलर की एक क्लिप शेयर की है। साथ ही, शिवाजी महाराज पर बनी एक अन्य फिल्म की क्लिप भी साझा, जिसमें शिवाजी वाघ नख का उपयोग अफजल खान से लड़ाई के दौरान करते हुए नजर आते हैं। सुरेश ने इसके साथ लिखा-
रितेश देशमुख की फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया है कि अफजल खान पर हमला बोलने से पहले छत्रपति शिवाजी महाराज वाघ नख को सबके सामने उजागर कर देते हैं। यह ऐतिहासिक तथ्य है कि शिवाजी महाराज ने वाघ नख का इस्तेमाल अफजल के हमले के बाद किया था।
सुरेश ने आगे सवाल किया कि रितेश देशमुख शिवाजी महाराज और महाराष्ट्र के इतिहास, विरासत और गर्व से छेड़छाड़ और अपमान क्यों कर रहे हैं।
सुरेश की इस पोस्ट पर रितेश ने जवाब दिया। उन्होंने लिखा- आदरणीय सर, 1 मई को फिल्म जरूर देखिए। आपके सभी सवालों के जवाब में इसमें मौजूद रहेंगे। मुझे उम्मीद है कि आप अपने परिवार और शुभचिंचकों को फिल्म पसंद आएगी। जय शिवराय।
अफजल खान और शिवाजी की जंग
1657 में बीजापुर रियासत के सुल्तान ने शिवाजी को गिरफ्तार करने के लिए सेनापति अफजल खान को भेजा। अफजल ने बड़ी सेना के साथ शिवाजी पर हमला किया। शिवाजी अपनी सेना के साथ प्रतापगढ़ किले में छिप गये।
भारी सैन्य बल के बावजूद अफजल किले पर कब्जा नहीं कर पाया। दो महीने तक असफल रहने के बाद अफजल ने शिवाजी को संदेश भिजवाया कि दोनों सरदार समौझते के लिए एक-दूसरे से निजी मुलाकात करते हैं।
शर्त रखी गई कि दोनों सिर्फ तलवार और एक सहयोगी के साथ ही आएंगे। शिवाजी को संदेह था कि अफजल या तो उन पर हमला करेगा या उन्हें गिरफ्तार कर लेगा। उन्होंने अपने कपड़ों के नीचे कवच पहना और बाएं हाथ में वाघ नख और दाएं हाथ में कटार छिपा ली।
प्रतापगढ़ किले की तलहटी में बने कैम्प में शिवाजी अफजल से मिलने पहुंचे। अफजल ने बातचीत के दौरान शिवाजी पर हमला कर दिया, मगर शिवाजी ने वाघ नख के लिए उसे मौत के घाट उतार दिया। संकेत मिलते ही शिवाजी के सैनिकों ने बीजापुर की सेना पर हमला कर दिया। इस लड़ाई में बीजापुर सेना की बुरी तरह हार हुई।
इसी घटना के फिल्मांकन को लेकर विवाद हो रहा है। फिल्म में अफजल खान के किरदार में संजय दत्त नजर आएंगे। राजा शिवाजी पहली मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

