Raja Shivaji Box Office Day 7: रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ ने मराठी में दिखाया दम, पहले हफ्ते में हिंदी वर्जन को दर्शक मिले कम

Raja Shivaji Box Office Collection 7 days. Photo- X

मुंबई। Raja Shivaji Box Office Day 7: रितेश देशमुख अभिनीत और निर्देशित फिल्म राजा शिवाजी ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया है। हालांकि, फिल्म की कमाई का बड़ा हिस्सा मराठी वर्जन से आया है। तमाम बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी के बावजूद हिंदी वर्जन की कमाई कम रही।

पहले हफ्ते में 57 करोड़

एक मई को सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी में रिलीज हुई फिल्म ने पहले हफ्ते में 57.70 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसमें से हिंदी वर्जन की हिस्सेदारी 15.02 करोड़ है। राजा शिवाजी आज शुक्रवार से दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर गई है। मराठी बॉक्स ऑफिस पर तो इसके सामने कोई चुनौती नहीं है, मगर हिंदी में कुछ नई फिल्मों के आने से सफर थोड़ा सा मुश्किल हो सकता है।

अगर, फिल्म के मराठी और हिंदी भाषा के कलेक्शंस पर गौर करें तो दिनवार इस प्रकार हैं:

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas on 8th May: इस शुक्रवार सिनेमाघरों में होगी भगवान कृष्ण की लीला, दादी करेंगी शादी और भेड़ें जासूसी

दिनमराठी और हिंदी का कलेक्शनहिंदी का कलेक्शन
शुक्रवार12.40 करोड़3 करोड़
शनिवार11.50 करोड़3 करोड़
रविवार13.10 करोड़4 करोड़
सोमवार6.20 करोड़1.30 करोड़
मंगलवार5.40 करोड़1.30 करोड़
बुधवार4.70 करोड़1.25 करोड़
गुरुवार4.40 करोड़1.17 करोड़
सात दिनों का नेट कलेक्शन57.70 करोड़15.02 करोड़

बॉलीवुड सितारों से सजी फिल्म

राजा शिवाजी, मराठी योद्धा और शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन की घटनाओं पर आधारित फिल्म है।

कहानी का मुख्य भाग शिवाजी और बीजापुर सल्तनत के सिपहसालार अफजल खान के बीच लड़ाई है, जिसमें शिवाजी ने अफजल को वाघ नख से मौत के घाट उतारा था। यह किस्सा बेहद प्रसिद्ध है और देश का बच्चा-बच्चा शिवाजी के जीवन से जुड़ी इस दिलचस्प लड़ाई को जानता है।

फिल्म में रितेश ने खुद शिवाजी महाराज का किरदार निभाया है, जबकि अफजल खान के किरदार में उन्होंने संजय दत्त को लिया। फिल्म के अन्य अहम किरदार अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, भाग्यश्री, महेश मांजरेकर, अमोल गुप्ते, सचिन खेड़ेकर और फरदीन खान ने निभाये हैं। सलमान खान ने फिल्म में शिवाजी के अंगरक्षक जीव महाला का किरदार निभाया है।