मुंबई। Raja Shivaji Box Office Day 7: रितेश देशमुख अभिनीत और निर्देशित फिल्म राजा शिवाजी ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया है। हालांकि, फिल्म की कमाई का बड़ा हिस्सा मराठी वर्जन से आया है। तमाम बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी के बावजूद हिंदी वर्जन की कमाई कम रही।
पहले हफ्ते में 57 करोड़
एक मई को सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी में रिलीज हुई फिल्म ने पहले हफ्ते में 57.70 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसमें से हिंदी वर्जन की हिस्सेदारी 15.02 करोड़ है। राजा शिवाजी आज शुक्रवार से दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर गई है। मराठी बॉक्स ऑफिस पर तो इसके सामने कोई चुनौती नहीं है, मगर हिंदी में कुछ नई फिल्मों के आने से सफर थोड़ा सा मुश्किल हो सकता है।
अगर, फिल्म के मराठी और हिंदी भाषा के कलेक्शंस पर गौर करें तो दिनवार इस प्रकार हैं:
यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas on 8th May: इस शुक्रवार सिनेमाघरों में होगी भगवान कृष्ण की लीला, दादी करेंगी शादी और भेड़ें जासूसी
| दिन | मराठी और हिंदी का कलेक्शन | हिंदी का कलेक्शन |
| शुक्रवार | 12.40 करोड़ | 3 करोड़ |
| शनिवार | 11.50 करोड़ | 3 करोड़ |
| रविवार | 13.10 करोड़ | 4 करोड़ |
| सोमवार | 6.20 करोड़ | 1.30 करोड़ |
| मंगलवार | 5.40 करोड़ | 1.30 करोड़ |
| बुधवार | 4.70 करोड़ | 1.25 करोड़ |
| गुरुवार | 4.40 करोड़ | 1.17 करोड़ |
| सात दिनों का नेट कलेक्शन | 57.70 करोड़ | 15.02 करोड़ |
बॉलीवुड सितारों से सजी फिल्म
राजा शिवाजी, मराठी योद्धा और शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन की घटनाओं पर आधारित फिल्म है।
कहानी का मुख्य भाग शिवाजी और बीजापुर सल्तनत के सिपहसालार अफजल खान के बीच लड़ाई है, जिसमें शिवाजी ने अफजल को वाघ नख से मौत के घाट उतारा था। यह किस्सा बेहद प्रसिद्ध है और देश का बच्चा-बच्चा शिवाजी के जीवन से जुड़ी इस दिलचस्प लड़ाई को जानता है।
फिल्म में रितेश ने खुद शिवाजी महाराज का किरदार निभाया है, जबकि अफजल खान के किरदार में उन्होंने संजय दत्त को लिया। फिल्म के अन्य अहम किरदार अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, भाग्यश्री, महेश मांजरेकर, अमोल गुप्ते, सचिन खेड़ेकर और फरदीन खान ने निभाये हैं। सलमान खान ने फिल्म में शिवाजी के अंगरक्षक जीव महाला का किरदार निभाया है।

