System Trailer: वकील बनकर गरीबों को इंसाफ दिलाने निकलीं सोनाक्षी सिन्हा, जानें- कोर्ट रूम ड्रामा सीरीज की रिलीज डेट

System trailer and release date out on Prime Video. Photo- X

मुंबई। System Trailer and Release Date: बॉलीवुड एक्ट्रेस इन दिनों ओटीटी के विकल्प को पूरी शिद्दत से भुनाने में लगी हैं और एक के बाद एक सीरीज में काम कर रही हैं। सोनाक्षी की अगली सीरीज एक कोर्ट ड्रामा है, जिसका शीर्षक सिस्टम है। सोना फिल्म में एक वकील के किरदार में हाइ प्रोफाइल केस लड़ते हुए नजर आएंगी। प्राइम वीडियो ने सीरीज का ट्रेलर और रिलीज डेट जारी कर दी है।

इस सीरीज में सोनाक्षी लॉयर के किरदार में गरीबों को इंसाफ दिलाने के मिशन पर हैं। पिता की लॉ फर्म से प्रैक्टिस शुरू करती हैं और उन्हें 10 केस जीतने का चैलेंज मिलता है, ताकि वो अपनी काबिलियत साबित कर सकें। किसी को यह ना लगे कि नेपोटिज्म के दम पर उन्हें फर्म में पार्टनरशिप मिली है।

मगर, जैसे-जैसे सोनाक्षी की यात्रा आगे बढ़ती है, इंसाफ उनकी प्राथमिकता बन जाता है। इस क्रम में सोनाक्षी को कोर्ट में अपने पिता का सामना करना पड़ता है।

क्या है शो की कहानी?

नेहा (सोनाक्षी सिन्हा) एक महत्वाकांक्षी और बड़े घराने की पब्लिक प्रॉसीक्यूटर है। पिता रवि राजवंश (आशुतोष गोवारिकर) एक जाने-माने वकील हैं, जो अपने नाम के लिए खूब मेहनत करते हैं। पिता की फर्म में पार्टनर के तौर पर ज्वाइन करने के लिए नेहा को 10 केस बिना हारे जीतने की शर्त पूरी करनी है।

मगर, जब नेहा सारिका (ज्योतिका) से मिलती है तो उसकी जिंदगी में मोड़ आता है। सारिका कोर्ट रूम स्टेनोग्राफर है, जो दिल्ली की एक बस्ती में रहती है। पीड़ितों की मदद के लिए नेहा एक मुश्किल केस ले लेती है और अपने पिता के खिलाफ अदालत में खड़ी हो जाती है। यह उसका 10वां केस होता है।

यह भी पढ़ें: OTT Releases (11-17 May): धुरंधर 2, कर्तव्य, इंस्पेक्टर अविनाश… इस हफ्ते ओटीटी पर क्राइम एक्शन को बोलबाला, दखें लिस्ट

सोनाक्षी ने अपनी ओटीटी यात्रा दहाड़ सीरीज के साथ शुरू की थी। इसके बाद संजय लीला भंसाली की सीरीज हीरामंडी में उन्होंने अहम किरदार निभाया और अब सिस्टम के जरिए एक बार फिर ओटीटी पर आ रही हैं।

कब रिलीज होगा सिस्टम?

सीरीज का निर्देशन अश्विनी अय्यर तिवारी ने किया है, जो बरेली की बर्फी और निल बटे सन्नाटा फिल्मों के लिए जानी जाती हैं। इस शो के प्रोड्यूसर हरमन बावेजा हैं। अरुण सुकुमार, अश्विनी अय्यर तिवारी, तसनीम लोखंडवाला और अक्षत गिलाटी के साथ हरमन ने शो का लेखन भी किया है।

इंसाफ दिलाना जरूरी है या केस जीतना? इस सवाल के धरातल पर खड़े शो सिस्टम की कथाभूमि दिल्ली है। सिस्टम 22 जून से प्राइम वीडियो पर हिंदी के अलावा अन्य कई भाषाओं में देखा जा सकता है।