Gullak Season 5: ‘अन्नू भैया’ के किरदार से वैभव राज गुप्ता की छुट्टी, पांचवें सीजन में यह चर्चित कलाकार निभाएंगे मशहूर किरदार

New Annu Bhaiya in Gullak Season 5. Photo- X

मुंबई। Gullak Season 5: भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की बात करें तो सोनी-लिव की सीरीज गुल्लक सबसे ज्यादा लोकप्रिय सीरीजों में शामिल है। एक सामान्य सी मध्यमवर्गीय मिश्रा फैमिली को केंद्र में रखकर बनाई गई सीरीज ने करोड़ों दिलों को छुआ है। यही वजह है कि गुल्लक पांचवें सीजन तक पहुंच चुकी है।

गुल्लक 5 का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए एक अच्छी और एक बुरी खबर है। पहले बुरी खबर बताते हैं। पांचवें सीजन में आनंद मिश्रा यानी अन्नू भैया का किरदार तो होगा, मगर इसे वैभव राज गुप्ता नहीं निभाएंगे। इस किरदार और इस किरदार में वैभव को दर्शकों का बहुत प्यार मिला। मगर, अच्छी खबर यह है कि अन्नू भैया के प्यारे किरदार को निभाने वाले नये कलाकार भी कम नहीं हैं।

अन्नू भैया के किरदार में अनंत जोशी की एंट्री

पांचवें सीजन में इस किरदार को निभाने की जिम्मेदारी चर्चित कलाकार अनंत वी जोशी को दी गई है। अनंत को आपने कई सीरीज में भांति-भांति के किरदार निभाते देखा होगा। नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज मामला लीगल है उनमें से एक है। इस सीरीज का दूसरा सीजन कुछ वक्त पहले आया है, जिसमें अनंत विश्वास पांडेय नाम का किरदार निभाते हैं।

विक्रांत मैसी अभिनीत 12वीं फेल में उन्होंने प्रीतम पांडेय का किरदार निभाया था, जो काफी दिलचस्प था। सोनी-लिव ने अनंत वी जोशी के इंट्रोडक्शन का वीडियो जारी करके यह जानकारी साझा की।

यह भी पढ़ें: Citadel Season 1 Recap: दूसरा सीजन देखने से पहले जानिए पहले में क्या-क्या हुआ था और अब Season 2 में क्या होगा?

शो को लेकर उत्साहित हैं अनंत

अनंत ने इस किरदार को लेकर कहा- गुल्लक हमेशा मुझे अपने दिल के करीब लगी, क्योंकि मिश्रा फैमिली हमें अपने परिवारों की याद दिलाती है। उनकी गर्मजोशी, वो छोटे-छोटे लम्हे, बातचीत और सादगी लोगों के दिलों को छू जाती हैं। मैं उनकी दुनिया का लम्बे वक्त से फैन रहा हूं। इसलिए इसका हिस्सा बनना सच में खास है।

अन्नू भैया का सफर मेरे लिए मजेदार रहा, क्योंकि इस सीजन में यह किरदार मैच्योर और उभरता हुआ नजर आएगा। पूरी कास्ट ने मुझे जिसे गर्मजोशी से अपनाया, वो यादगार है। गुल्लक फैमिली का हिस्सा बनकर मैं वाकई कृतज्ञ महसूस कर रहा हूं। हमारे साथ इस नये सीजन को देखने वाले दर्शकों के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं।

गुल्लक का निर्माता द वायरल फीवर है। शो में जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, हर्ष मायर और सुनीता राजवर प्रमुख किरदार निभाते हैं। गुल्लक का पहला सीजन 2019 में आया था। चौथा सीजन 2024 में रिलीज हुआ था। हर सीजन में 5 एपिसोड्स रहते हैं।