Ravi Mohan Divorce Case: मीडिया से बात करते हुए रो पड़े रवि मोहन, कहा- तलाक होने तक फिल्मों में नहीं करेंगे काम!

Tamil actor Ravi Mohan in press conference. Photo- Screenshot.

मुंबई। Ravi Mohan Divorce Case: तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता रवि मोहन (पूर्व नाम जयम रवि) का तलाक का मामला पिछले दो सालों से सुर्खियों में बना हुआ है। अब ऐसा लगता है कि रवि के सब्र का बांध टूट गया है, जिसके चलते शनिवार को मीडिया से बात करते हुए रवि इमोशनल हो गये और उनकी आंखों में आंसू तैरने लगे।

रवि मोहन ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि अब वो तब तक फिल्मों में काम नहीं करेंगे, जब तक उनके तलाक का केस सुलझ नहीं जाता। इसकी वजह से उनकी निजी जिंदगी पटरी से उतरी पड़ी है। रवि का यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।

प्रेस कान्फ्रेंस में भावुक हुए रवि मोहन

चेन्नई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रवि ने कहा- जब तक मुझे तलाक नहीं मिल जाता, तब तक फिल्मों में काम नहीं करूंगा। अगर मुझे कुछ होता है तो मेरा परिवार (पत्नी की ओर से) इसके लिए जिम्मेदार होगा। उन्हें (पत्नी का परिवार) लगता है कि मुझे जीवित नहीं रहना चाहिए।

वो (पत्नी का परिवार) मुझे मेरे बच्चों से मिलने नहीं दे रहे। मैं सिर्फ उनके लिए जिंदा हूं। मेरे बच्चे मेरा यह वीडियो जरूर देखें। बात करते-करते रवि बेहद इमोशनल हो गये। उनकी आवाज तेज हो गई और चेहरे की भाव-भंगिमाएं भी बदल गईं। रवि की आंखों में आंसू आ गये।

यह भी पढ़ें: Jayam Ravi Aka Ravi Mohan: संक्रांति पर तमिल एक्टर जयम रवि ने बदला नाम, नई पहचान के साथ जारी रखेंगे फिल्मी सफर

शादी और अलगाव की शुरुआत

रवि मोहन और एक्ट्रेस आरती रवि का विवाह जून 2009 में हुआ था। दोनों के दो बेटे हैं- आरव और अयान। 9 सितंबर 2024 को रवि ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर अपनी पत्नी से अलग होने की घोषणा की थी। उन्होंने लिखा, “यह फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया गया है। यह व्यक्तिगत कारणों से लिया गया है, जो सभी के हित में है।”

आरती रवि ने तुरंत जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस घोषणा की कोई जानकारी नहीं थी और वह “ब्लाइंडसाइड” (अचानक झटका) महसूस कर रही हैं। आरती ने कहा कि फैसला उनके बिना सहमति के लिया गया। आरती फिल्म प्रोड्यूसर सुजाता विजयकुमार की बेटी हैं।

पत्नी आरती के साथ रवि मोहन। फोटो- इंस्टाग्राम

अदालती लड़ाई और 40 लाख रुपये की मांग

2025 में मामला और गंभीर हो गया। मई 2025 में दोनों ने चेन्नई की थर्ड एडिशनल फैमिली वेलफेयर कोर्ट में अलग-अलग याचिकाएं दाखिल कीं। रवि ने तलाक की मांग की और कहा कि अब समझौते की कोई गुंजाइश नहीं है।

आरती रवि ने जवाबी याचिका में मासिक 40 लाख रुपये का भरण-पोषण (एलिमनी) मांगा। उन्होंने दावा किया कि तलाक के बाद अपनी और बच्चों की जिंदगी चलाने के लिए यह रकम जरूरी है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद अगली सुनवाई जून 2025 के लिए टाल दी।

मार्च 2026 में रवि ने गोवा में 42 लाख रुपये की नई संपत्ति खरीदी और दस्तावेजों में खुद को अविवाहित बताया, जबकि कानूनी रूप से तलाक अभी नहीं हुआ है। सोशल मीडिया में इसकी काफी चर्चा हुई।

दोनों पक्षों के आरोप

मामला अब काफी उग्र हो चुका है, जिसका अंदाजा रवि मोहन की ताजा प्रेस कॉन्फ्रेंस से लगाया जा सकता है। दोनों पक्षों के आरोप इस प्रकार हैं:

  • रवि मोहन का पक्ष: मई 2025 में अभिनेता ने लंबा बयान जारी कर दावा किया कि उन्होंने शादी के दौरान भावनात्मक, शारीरिक और आर्थिक उत्पीड़न सहा। उन्होंने कहा कि बच्चों से मिलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। रवि ने गायिका केनिशा फ्रांसिस को अपनी “लाइफलाइन” बताया, जिनके साथ उनका रिलेशनशिप अफवाहों में है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरती का परिवार केनिशा को साइबर बुलिंग का शिकार बना रहा है।
  • आरती रवि का पक्ष: आरती ने भी सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए। उन्होंने जयम रवि पर भावनात्मक त्याग और आर्थिक उपेक्षा का आरोप लगाया। मई 2025 में एक नोट में उन्होंने लिखा, “18 साल साथ रहने के बाद भी उन्होंने जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ लिया।” आरती ने “तीसरे व्यक्ति” (थर्ड पर्सन) का जिक्र भी किया, हालांकि नाम नहीं लिया।

क्या है मौजूदा स्थिति?

तलाक की प्रक्रिया अभी भी चल रही है। कोर्ट में कस्टडी, एलिमनी और संपत्ति बंटवारे पर बहस जारी है। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और सोशल मीडिया पर तीखी बहस ने पूरे मामले को और जटिल बना दिया है। केनिशा फ्रांसिस भी ऑनलाइन ट्रोलिंग और धमकियों का शिकार बताई जा रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केनिशा ने साइबर बुलिंग से परेशान होकर सोशल मीडिया छोड़ दिया है।

केनिशा के साथ रवि मोहन। फोटो- एक्स

रवि के फिल्मी करियर की बात करें तो इसी साल उनकी फिल्म पराशक्ति रिलीज हुई थी। उनकी आने वाली फिल्में कराटे बाबू, ब्रोड कोड और जिनी हैं।