मुंबई। Chunnari Chunnari Song: डेविड धवन निर्देशित रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है जवानी तो इश्क होना है फिल्म का मोस्ट अवेटेड गाना चुनरी चुनरी विवादों की गलियों से गुजरकर आखिरकार रिलीज हो गया। गाना चुनरी चुनरी लेट्स गो टाइटल से रिलीज किया गया है।
इस गाने के इस्तेमाल पर बीवी नम्बर वन के निर्माता वाशु भगनानी ने आपत्ति जताते हुए अदालत में केस दायर किया था, मगर लगता है कि मामला सुलट गया है, जिसके बाद चुनरी चुनरी गाना मंगलवार को रिलीज कर दिया गया।
बोल और संगीत को किया अपडेट
जैसा कि इस वक्त चलन बन चुका है कि पुराने गाने के म्यूजिक और बोलों को अपडेट करके रिलीज कर दिया जाता है। चुनरी चुनरी को भी वैसा ही ट्रीटमेंट मिला है। गाने की मूल धुन और बोल पहले जैसे ही हैं। अंतरों में बदलाव किया गया है और संगीत को अपबीट किया गया है।
पुराने गाने का संगीत अनु मलिक ने दिया था, जबकि अभिजीत भट्टाचार्य और अनुराधा श्रीराम ने आवाज दी थी। गाने के बोल समीर अनजान ने लिखे थे। गाने के संगीत में अक्षय एंड आइपी ने बदलाव किये हैं, जबकि आइपी सिंह, जोनिता गांधी, अनीस कौर और सुधीर यदुवंशी की आवाजें जोड़ी गई हैं। अभिजीत की आवाज गाने से निकाल दी गई है। रेमो डिसूजा ने गाने को कोरियोग्राफ किया है।
है जवानी तो इश्क होना है, 5 जून को रिलीज हो रही है। रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में वरुण के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े हैं। गाना इन तीनों पर ही फिल्माया गया है।
पति, पत्नी और वो की कहानी में ट्विस्ट
1998 में आई बीवी नम्बर में यह गाना सलमान खान और सुष्मिता सेन पर फिल्माया गया था। डेविड धवन निर्देशित उस फिल्म की कहानी पति, पत्नी और वो के कॉन्सेप्ट पर आधारित थी। है जवानी तो इश्क होना है की कहानी भी कुछ-कुछ वैसी ही है, मगर कुछ प्लॉट्स चेंज किये गये हैं।
मृणाल, वरुण की पत्नी बनी हैं। वरुण बच्चा चाहते हैं, लेकिन मृणाल तैयार नहीं हैं, इसलिए तलाक लेना चाहती हैं। सेपरेशन के दौरान वरुण को पूजा हेगड़े से प्यार हो जाता है। तभी पता चलता है कि मृणाल प्रेग्नेंट हैं। उधर, पूजा भी प्रेग्नेंट हो जाती हैं। अब वरुण क्या करेंगे, इसी दुविधा को हास्य के साथ दिखाया गया है।

