मुंबई। Ranveer FWICE Row: बॉलीवुड में इस वक्त रणवीर और FWICE के बीच विवाद छाया हुआ है। फिल्म कर्मियों की संस्था ने डॉन 3 को लेकर रणवीर सिंह पर नॉन-कोऑपरेशन आदेश जारी किया है, जिसके मुताबिक फेडरेशन ऑफ वेस्ट इंडिया सिने इम्प्लॉइज से जुड़े कर्मी रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे।
हालांकि, संगठन ने बाद में साफ किया कि यह कोई आदेश नहीं है, बल्कि एक एडवाइजरी है। कर्मी अपना फैसला लेने के लिए स्वतंत्र हैं।
कंगना ने हल्के-फुल्के अंदाज में दिया जवाब
बहरहाल, मंगलवार को कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता का ट्रेलर मुंबई में आयोजित एक इवेंट में जारी किया गया। जब इस विवाद के बारे में कंगना से पूछा गया तो एक्ट्रेस ने कहा कि इंडस्ट्री में आप जितने बड़े बनते जाते हैं, आपके दुश्मनों की संख्या बढ़ने लगती है।
कंगना ने हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी बात शुरू करते हुए कहा कि आप मुझसे पूछ रहे हैं। मुझे तो हर किसी ने बैन किया है। मैं यह कहना चाहूंगी कि जब आपकी हैसियत बढ़ती है तो आपके दुश्मन भी बढ़ते हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि आपकी हैसियत बढ़े और दुश्मन ना बढ़ें।
रणवीर सिंह को सोचना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है, जो इतने दुश्मन बन गये। जिंदगी में जब आप आगे बढ़ते हैं तो कई तरह की बाधाएं आती हैं। मेरे साथ इतना हुआ है। फिर भी मेरी गाड़ी अच्छी चल रही है।
कंगना खुद काफी विवादों में रही हैं। बीजेपी सांसद बनने से पहले सोशल मीडिया में उनकी बेबाक टिप्पणियों ने खूब चर्चाएं और आलोचनाएं बटोरीं। उनका एक्स (तब ट्विटर) एकाउंट एक बार बैन तक हो चुका है। किसान आंदोलन पर उनकी टिप्पणी को लेकर एक्ट्रेस की काफी आलोचना हुई थी।
शिव सेना के साथ उनका विवाद भी खूब सुर्खियों में रहा था। कंगना ने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और सांसद बन गईं। सांसद बनने के बाद उनकी बयानबाजी को नियंत्रित करने के लिए पार्टी की और स नसीहत भी दी गई थी।

