हैदराबाद में जलवा है मुन्ना भैया का! राम चरण ने बताया- ‘पेद्दी’ में कास्टिंग से पहले ही दिव्येंदु की थी तगड़ी फैन फॉलोइंग

Divyendu on his popularity in Hyderabad. Photo- X

मुंबई। Divyendu Peddi Debut: दिव्येंदु की बहुमुखी अभिनय शैली और एक के बाद एक यादगार भूमिकाओं ने उन्हें पूरे देश में खासा फैन-बेस दिला दिया है। अब उनकी पहली तेलुगु फिल्म ‘पेद्दी’ को लेकर उत्साह चरम पर है। इस बीच अभिनेता ने खुलकर बताया कि तेलुगु दर्शकों का अपार स्नेह उन्हें बेहद गर्व और विनम्रता दोनों दे रहा है।

दिव्येंदु ने खुलासा किया कि राम चरण ने ही सबसे पहले उन्हें हैदराबाद में उनके आइकॉनिक किरदार ‘मुन्ना भैया’ की भारी लोकप्रियता के बारे में बताया था। ‘द ग्लोरी’ के एक्टर को ये बात फिल्म की शूटिंग के दौरान हकीकत में महसूस हुई, जब शहर के लोग उन्हें देखते ही प्यार और उत्साह से भर गए।

शूटिंग के दौरान राम चरण ने किया खुलासा

शूटिंग के दौरान हैदराबाद में मिले प्रेम को याद करते हुए दिव्येंदु ने कहा, “मुझे पता था कि ‘मिर्जापुर’ तेलुगु में अच्छा चला था, लेकिन राम सर ने मुझे सबसे पहले बताया कि हैदराबाद में इसका प्यार कितना बड़ा है। फिल्म की शूटिंग के दौरान मैंने खुद ये अनुभव किया।

एक क्रिकेट सीक्वेंस में बड़ी भीड़ थी और जब लोग मुझे देख रहे थे, तो उनकी प्रतिक्रिया देखकर समझ आया कि कोई अतिशयोक्ति नहीं थी। सबसे ज्यादा छूने वाली बात ये थी कि लोग कितनी खुलकर अपना प्यार जता रहे थे। वे मेरे पास आकर कह रहे थे- ‘हम आपका काम देखते हैं’ और ‘हमें आप बहुत पसंद हैं’।

इस तरह का सच्चा स्नेह किसी अभिनेता को बहुत आत्मविश्वास देता है। चूंकि ये मेरी पहली तेलुगु फिल्म है, इसलिए दर्शकों का इतना प्यार और हौसला अफजाई मेरे लिए बहुत बड़ी ताकत बन गई है।”

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in June 2026: क्या ब्लॉकबस्टर रहेगा ‘फर्स्ट हाफ’ का क्लाइमैक्स? जून में रिलीज हो रहीं ये 12 फिल्में

बैक-टू-बैक यादगार किरदार

2026 दिव्येंदु के करियर के लिए यादगार साल साबित हो रहा है। ‘ग्लोरी’ में उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ हो रही है, ‘पेद्दी’ में राम बुझ्जी का किरदार दर्शक बेसब्री से देखने को तैयार हैं और साथ ही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में अपने सबसे प्रिय किरदार की वापसी का इंतजार भी जारी है।

पेद्दी 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर फीमेल लीड हैं। इस पैन इंडिया फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं और हिंदी बेल्ट में भी अच्छे प्रदर्शन की अपेक्षा है।