मुंबई। Mukesh Khanna Trolled For Ad with Samay: स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना ने इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद के बाद जोरदार वापसी की है। उनके जिस स्टैंड अप रिएलिटी शो को लेकर पूरे देश में बवाल मचा था, अब उसका दूसरा सीजन आ गया है। दिलचस्प पहलू यह है कि इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2 को नेटफ्लिक्स जैसे बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने जगह दी है।
समय की इस जोरदार वापसी के बीच वेटरन एक्टर मुकेश खन्ना की जमकर ट्रोलिंग हो रही है, जिन्होंने इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद के दौरान समय रैना को शो में अश्लीलता परोसने के लिए जमकर कोसा था और जब वो अपना नया शो स्टिल अलाइव लेकर आये, तब भी मुकेश ने वीडियो बनाकर उनकी जमकर क्लास लगाई थी।
मुकेश खन्ना ट्रोल्स के निशाने पर क्यों आए, आइए आपको बताते हैं।
समय के साथ मुकेश ने किया विज्ञापन
नेटफ्लिक्स पर समय के शो की लॉन्चिंग के साथ एक और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया, जिसे देखकर दर्शकों को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। इस वीडियो में कुछ ऐसा था, जो कुछ वक्त पहले तक असम्भव लग रहा थ।
इस वीडियो में मुकेश और समय रैना साथ नजर आ रहे हैं। दरअसल, दोनों ने एक मोबाइल फोन के लिए कोलैब किया है, जिसमें मुकेश अपने शक्तिमान वाले स्टाइल में आकर समय रैना को उनके विवाद को लेकर ताने मारते हैं और नसीहत देते हैं। इस वीडियो में समय भी उन पर छींटाकशी करते हैं और अंत में दोनों मोबाइल का प्रचार करते हैं।
यह वीडियो समय और मुकेश ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो पर भी शेयर किया है।

यह वीडियो उन लोगों के लिए गहरा सदमा देकर गया है, जिन्होंने समय रैना की ट्रोलिंग के लिए मुकेश खन्ना को सिर-आंखों पर बैठा लिया था और उन्हें भारतीय संस्कृति का रक्षक मान बैठे थे। अब वही फैंस और यूजर्स उन्हें सोशल मीडिया में जमकर बुरा-भला कह रहे हैं।
आहत फैंस वीडियो के कमेंट सेक्शन में अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। कोई कह रहा है कि उन्होंने अपना आत्म-सम्मान खो दिया है, कोई कह रहा कि पैसे के लिए मुकेश ने समझौता कर लिया।

बहरहाल, वीडियो दिलचस्प है और मुकेश खन्ना को इसमें देखकर लगता है कि उनका सेंस ऑफ ह्यूमर अब सुधर गया है। बता दें, मुकेश खन्ना अक्सर अपने सुलगते हुए बयानों के लिए खबरों में रहते हैं। देश में चल रहे ज्वलंत मुद्दों पर वो खुलकर बात रखते हैं। हालांकि, महाभारत के भीष्म पर एक खास विचारधारा को सपोर्ट करने के आरोप भी लगते हैं।

