मुंबई। Cocktail 2 Box Office Day 10: शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर कॉकटेल 2 ने दूसरे वीकेंड का सफर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल के रिलीज होने से डर था कि कॉकटेल 2 के कलेक्शंस में भारी गिरावट आ सकती है, मगर ऐसा नहीं हुआ।
फिल्म दूसरे वीकेंड में डटी रही और 12 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद कॉकटेल 2 का नेट कलेक्शन अब 80 करोड़ के पार हो चुका है।
10 दिनों में 80 करोड़ की कमाई
होमी अदजानिया निर्देशिक कॉकटेल 2, 19 जून को रिलीज हुई थी। फिल्म ने 13.10 करोड़ की ठीकठाक ओपनिंग ली। पिछले कुछ वक्त में रिलीज हुईं अन्य हिंदी फिल्मों के हाल को देखते हुए कॉकटेल 2 की यह ओपनिंग अच्छी ही मानी जाएगी।
बहरहाल, ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने 46.67 करोड़ का नेट कलेक्शन किया और वेलकम टू द जंगल की रिलीज से पहले यह साल का चौथा सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड बना।
पहले हफ्ते में कॉकटेल 2 ने 67.81 करोड़ नेट कलेक्शन किया। इसके बाद दूसरे वीकेंड में फिल्म ने क्रमश: 3.58 करोड़, 4.36 और 4.43 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसे मिलाकर दूसरे वीकेंड में फिल्म को 12.37 करोड़ मिले, जो ओपनिंग वीकेंड के मुकाबले 73 फीसदी के आसपास कम है, मगर वेलकम टू द जंगल की कड़ी चुनौती को देखते हुए यह रकम भी ठीक ही कही जाएगी। अब 10 दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 80.18 करोड़ हो गया है।
वीक 1 (19-25 जून)
- Day 1: 13.10 करोड़
- Day 2: 16.40 करोड़
- Day 3: 17.26 करोड़
ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 46.76 करोड़
- Day 4: 6.07 करोड़
- Day 5: 6.07 करोड़
- Day 6: 4.90 करोड़
- Day 7: 4.01 करोड़
पहले हफ्ते का नेट कलेक्शन 67.81 करोड़
वीक 2 (26 जून-2 जुलाई)
- Day 8: 3.58 करोड़
- Day 9: 4.36 करोड़
- Day 10: 4.43 करोड़
दूसरे वीकेंड का कलेक्शन 12.37 करोड़
10 दिनों का नेट कलेक्शन 80.18 करोड़
टॉप 5 बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस ऑफ 2026
80 करोड़ के नेट कलेक्शन के बाद फिल्म से अब 100 करोड़ की उम्मीद की जा रही है, जो काफी हद तक दूसरे हफ्ते की कमाई पर निर्भर करेगा। कॉकटेल 2 साल 2026 के पहले हाफ की टॉप 5 फिल्मों में शामिल हो चुकी है।
- धुरंधर 2- 1108.09 करोड़
- बॉर्डर 2- 341.70 करोड़
- भूत बंगला- 168.26 करोड़
- कॉकटेल 2- 80.18 करोड़*
- वेलकम टू द जंगल- 64.85 करोड़*
(*सिनेमाघरों में जारी)
कॉकटेल 2 में शाहिद कपूर और कृति सेनन ने दूसरी बार स्क्रीन स्पेस शेयर किया है, जबकि रश्मिका मंदाना ने पहली बार शाहिद के साथ काम किया है।

