मुंबई। Paper Leak Protest: सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स को लेकर बॉलीवुड की चुप्पी पर लगातार सवाल उठ रहे थे। सितारों पर आरोप था कि किसी जमाने में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के बढ़ने पर सोशल मीडिया में सरकार पर ताना कसने वाले बॉलीवुड सेलिब्रिटीज अब किसी मुद्दे पर नहीं बोलते।
इसको लेकर अमिताभ बच्चन से लेकर अक्षय कुमार तक को कठघरे में खड़ा किया जाता रहा है। मगर, अब ऐसा लगता है कि बॉलीवुड की चुप्पी टूट रही है। बॉलीवुड के बड़े सितारों में सलमान खान विद्यार्थियों के समर्थन में आये हैं और उन्होंने जंतर-मंतर पर स्टूडेंट्स के प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। सलमान ने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हो रही है कि छात्र-छात्राएं शिक्षा प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए लड़ रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इसके राजनीतिकरण की निंदा की।
सलमान ने सोशल मीडिया में लिखा नोट
सलमान ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स पर लम्बा नोट साखा किया। इंस्टाग्राम पर उन्होंने अपनी स्कूल टाइम की फोटो भी शेयर की। सलमान ने इस नोट में लिखा- यह एक शांतिप्रिय आंदोलन था। यह देखकर दुख हुआ कि इसने हिंसक मोड़ ले लिया। जिन छात्र-छात्राओं को इसमें चोट आई, उनके माता-पिता और स्टूडेंट्स के साथ मेरी भावनाएं हैं। पेपर लीक बहुत गम्भीर मसला है और मैं यह देखकर खुश हूं कि हमारे देश के बच्चे एजुकेशन सिस्टम को बेहतर करने के लिए एकजुट हुए हैं और माता-पिता उनका साथ दे रहे हैं।
सलमान ने आगे लिखा- वो जिस तरह से अपना समर्पण दिखा रहे हैं और मेहनत करने में दिलचस्पी ले रहे हैं, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो, मैं इसकी कद्र करता हूं। यह आंदोलन और प्रदर्शन सही तरीका है और स्टूडेंट्स ने इसे शांति से अंजाम भी दिया। बहुत साहसी और बहादुरी दिखाई। एजुकेशन के लिए प्रोत्साहित यह पीढ़ी भारत का गर्व बढ़ाएगी।
यह मुद्दा स्टूडेंट्स और एजुकेशन सिस्टम के बीच है, इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। इसका श्रेय सिर्फ इस देश के स्टूडेंट्स को मिलना चाहिए और मुझे यकीन है कि सरकार उनका साथ देगी और मजबूत एजुकेशन सिस्टम बनाएगी। यह दोनों के लिए जीत की स्थिति होगी। सकारात्मक फैसले की उम्मीद और प्रार्थना कर रहा हूं। जो भी शिक्षित होना चाहिए, ईश्वर आपकी मदद करे। शिक्षा ही अगला ट्रेंड और फैशन होनी चाहिए। यह इतना ट्रेंड करे कि बाहर के लोग भारत आकर बढ़ाई करें और भारत एजुकेशन हब बन जाए।
वैसे तो छात्रों के समर्थन में रणवीर शौरी, अनुपम खेर, प्रीति जिंटा, रितेश देशमुख समेत कई कलाकार सोशल मीडिया में अपनी बात रख चुके हैं, मगर सलमान पहले सुपरस्टार हैं, जिन्होंने इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ी है।
सोमवार को छात्रों और दिल्ली पुलिस के बीच हुई थी झड़प
नीट पेपर लीक के खिलाफ देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से कॉक्रोच जनता पार्टी के आह्वान पर छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन चल रहा था। सामाजिक कार्यकर्ता और साइंटिस्ट सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर लगभग 20 दिनों से अनशन पर बैठे हुए थे। दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश पर दिल्ली पुलिस उन्हें अनशन स्थल से उठाकर अस्पताल ले गई थी, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था।
20 जुलाई को संसद मार्च के लिए देशभर से हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं जंतर-मंतर पर जुटे। इस मार्च को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने भारी बल लगाया, जिसके चलते दिल्ली पुलिस और विद्यार्थियों के बीच हिंसक झड़प की खबरें भी आईं।
इस मौके के कई वीडियोज सोशल मीडिया में वायरल हुए, जिनमें दावा किया गया कि संसद मार्च को रोकने और इस आंदोलन को खत्म करने के लिए पुलिस की ओर से उग्र कार्रवाई की गई। लाठी चार्ज और आंसू गैस के कारण कई छात्र-छात्राओं को चोटें आईं।

