मुंबई। Dhamaal 4 VS The Odyssey Box Office: सिनेमाघरों में इस वक्त बॉलीवुड की धमाल 4 और हॉलीवुड फिल्म द ओडिसी के बीच टक्कर जारी है, जिसमें क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म भारी पड़ती नजर आ रही है। सोमवार (20 जुलाई) को धमाल 4 का दूसरा सोमवार था, जबकि द ओडिसी का पहला।
फिल्मों के बिजनेस के लिए पहला सोमवार काफी खास रहता है। यही सोमवार फिल्म का भविष्य तय करता है। इसीलिए, ट्रेड भाषा में सोमवार के कलेक्शंस को मंडे टेस्ट कहते हैं। इस टेस्ट को पास करने वाली फिल्मों से बड़े कारोबार की उम्मीद की जाती है।
दिलचस्प बात यह है कि मंडे टेस्ट में द ओडिसी ने अजय देवगन की धमाल 4 को पीछे छोड़ दिया है। आइए, दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन करते हैं।
पहले सोमवार को द ओडिसी को मिले 8.93 करोड़
पहले द ओडिसी की बात करते हैं। 17 जुलाई शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म ने 17.48 करोड़ की बेहतरीन ओपनिंग ली। इसके बाद शनिवार और रविवार को क्रमश: 22.44 करोड़ और 21.48 करोड़ नेट बटोरे। इसके मिलाकर फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 61.40 करोड़ नेट कलेक्शन किया।
सोमवार को वर्किंग वीक शुरू होने के बावजूद जनता पर द ओडिसी का खुमार छाया रहा। फिल्म ने पहले सोमवार को 8.93 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके साथ इसका चार दिनों का नेट कलेक्शन 70.33 करोड़ हो गया। यहां से यह तो पक्का है कि द ओडिसी भारत में कम से कम 100 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लेगी और भारत में इस साल की सबसे बड़ी हॉलीवुड फिल्म बन जाएगी।
दूसरे सोमवार को धमाल 4 को मिले 3.17 करोड़
अब अगर धमाल 4 की बात करें तो बीते शुक्रवार को फिल्म का दूसरा हफ्ता शुरू हुआ। दूसरे वीकेंड में फिल्म ने शुक्रवार, शनिवार और रविवार को क्रमश: 5.39 करोड़, 10.11 करोड़ और 12.29 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे वीकेंड में फिल्म का नेट कलेक्शन 27.79 करोड़ रहा। जाहिर है कि द ओडिसी की रिलीज का फिल्म पर व्यापक असर पड़ा है।
दूसरे सोमवार को धमाल 4 की कमाई घटकर 3.17 करोड़ रह गई, जिसके मिलाकर धमाल 4 का 11 दिनों का नेट कलेक्शन 125.41 करोड़ हो गया है।
Dhamaal 4 VS The Odyssey
अब दोनों फिल्मों के कलेक्शंस की तुलना करें तो धमाल 4 ने पहले सोमवार को 8.18 करोड़ जमा किये थे, जबकि द ओडिसी का पहले सोमवार को नेट कलेक्शन 8.93 करोड़ रहा, जो बताता है कि भारत में द ओडिसी द धमाल से बेहतर ट्रेंड कर रही है। आज मंगलवार को फिल्म की कमाई डबल डिजिट में पहुंचने की पूरी उम्मीद है। वहीं, द धमाल 4 सिंगल डिजिट में सिमटकर रह जाएगी।
(बॉक्स ऑफिस के आंकड़े बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट से लिये गये हैं)

