Gangubai Box Office: आलिया भट्ट की फिल्म ने दूसरे दिन लिया उछाल, दो दिनों की कमाई इतने करोड़

मुंबई। संजय लीला भंसाली निर्देशित और आलिया भट्ट स्टारर गंगूबाई काठियावाड़ी ने 2022 में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद की एक नई रोशनी दिखायी है, जो पैनडेमिक के कारण अनिश्चितता के अंधेरे में डूब गयी थी। फिल्म ने ट्रेड की उम्मीदों से ज्यादा ओपनिंग ली और दूसरे दिन पहले दिन से ज्यादा जमा करके बॉक्स ऑफिस पर लम्बे सफर का संकेत दिया।

गंगूबाई काठियावाड़ी 25 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म ने पहले दिन 10.50 करोड़ का बेहतरीन कलेक्शन करके शानदारी शुरुआत की। वहीं, दूसरे दिन कलेक्शंस में इजाफा हुआ और फिल्म ने 13.32 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसे मिलाकर गंगूबाई काठियावाड़ी का दो दिनों का नेट कलेक्शन 23.82 करोड़ हो चुका है।

बता दें, पैनडेमिक के दौरान रिलीज हुई फिल्मों में गंगूबाई काठियावाड़ी तीसरी बड़ी रिलीज है, जो तीन हजार से अधिक स्क्रींस पर उतारी गयी है। फिल्म हिंदी के साथ तेलुगु भाषा में भी रिलीज हुई है। दक्षिण भारतीय भाषा में यह आलिया भट्ट की पहली फिल्म है, यानी कह सकते हैं कि आलिया भट्ट की तेलुगु डेब्यू फिल्म है। गंगूबाई काठियावाड़ी से पहले अक्षय कुमार की सूर्यवंशी (5 नवम्बर, 2021) और रणवीर सिंह की 83 (24 दिसम्बर, 2021) इतनी स्क्रींस पर रिलीज हुई थीं।

गंगूबाई काठियावाड़ी के दो दिनों के कलेक्शंस ने ट्रेड को काफी उम्मीदें दी हैं। खासरकर, सिनेमाघर संचालकों के लिए गंगूबाई का कारोबार खुश करने वाला है। इससे सिनेमाघरों में दर्शकों के लौटने और बॉलीवुड फिल्मों को लेकर उत्सुकता का भी पता चलता है। अब 4 मार्च को अमिताभ बच्चन की झुंड और 18 मार्च को अक्षय कुमार की बच्चन पांडेय ऐसी फिल्में हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर दर्शक जुटा सकती हैं। खास तौर पर बच्चन पांडेय से उम्मीद अधिक है, जो एक मास फिल्म है।

बहरहाल, गंगूबाई काठियावाड़ी मशहूर क्राइम जर्नलिस्ट रहे एस हुसैन जैदी की किताब माफिया क्वींस ऑफ मुंबई के एक चैप्टर से प्रेरित है, जिसमें गंगूबाई कोठेवाली की कहानी लिखी गयी है। 1950-60 के दौर में गंगूबाई ने मुंबई के नजदीक कमाठीपुरा इलाके में देह व्यापार करने वाली साधारण महिला से उस इलाके की असाधारण मसीहा के रूप में अपना दमखम दिखाया था।

फिल्म को लेकर कानूनी विवाद भी हुए, मगर अंत भला तो सब भला की तर्ज पर गंगूबाई अब दर्शकों का दिल और बॉक्स ऑफिस जीतने में जुटी है। फिल्म में अजय देवगन उस वक्त के माफिया डॉन करीम लाला से प्रेरित रहीम लाला के किरदार में हैं, जो गंगूबाई को अपनी बहन मानता था। सीमा पाहवा, विजय राज और जिम सरभ अहम किरदारों में हैं। वहीं, हुमा कुरैशी ने फिल्म में कैमियो किया है।