Mahavatar Parshuram Title Teaser: कुछ ही देर में वायरल हुआ ‘महावतार परशुराम’ का टाइटर टीजर, 3 मिलियन से अधिक व्यूज

Mahavatar Parshuram title teaser out. Photo- X

मुंबई। Mahavatar Parshuram Title Teaser: होम्बले फिल्म्स के महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली फिल्म महावतार परशुराम के टाइटल की पहली झलक परशुराम जयंती के मौके पर टीजर के रूप में रविवार को जारी की गई, जो रिलीज होने के चंद घंटों में ही वायरल हो गया। महावतार परशुराम अगले साल दिसम्बर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

टाइटल रिवील टीजर रिलीज

होम्बले फिल्म्स और क्लीं प्रोडक्शंस ने भगवान विष्णु के दसों अवतारों पर एनिमेशन फिल्मों का महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की घोषणा की थी, जिसकी पहली फिल्म महावतार नरसिम्हा पिछले साल रिलीज हुई थी। नरसिम्हा या नरसिंह, भगवान विष्णु का चौथा अवतार माना जाता है।

यह फिल्म बेहद सफल रही थी और भारत में सबसे अधिक कमाई करने वाली एनिमेशन फिल्म बनी। महावतार नरसिम्हा ने 182.83 करोड़ नेट कलेक्शन भारत में किया।

अब अगली कड़ी के रूप में महावतार परशुराम आ रही है, जो विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं। इसका टाइटल रिवील टीजर शेयर करके होम्बले फिल्म्स ने लिखा- अधर्म के खिलाफ एक तूफान उठ रहा है।

यह भी पढ़ें: Mahavatar Narsimha: केजीएफ के मेकर्स ने किया महावतार फिल्म सीरीज का एलान, नरसिंह अवतार पर आएगी पहली फिल्म

रिलीज होने के बाद टीजर वायरलहो गया और खबर लिखे जाने तक सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर 3 मिलियन यानी 30 लाख से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है, जो इस फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता के बारे में बताता है।

कौन हैं भगवान परशुराम?

भगवान परशुराम को हिंदू धर्म में बेहद ऊंचा स्थान माना जाता है। वो एक योद्धा ऋषि हैं, जो सात चिरंजिवियों में शामिल हैं। अन्य चिरंजीवियों में अश्वत्थामा, वेदव्यास, महाबली, हनुमान, विभीषण और कृपाचार्य शामिल हैं। परशुराम के बारे में कहा जाता है कि उन्होंने 21 बार धरती को अधर्मियों से मुक्त किया था। मान्यता है कि कलियुग के अंत में विष्णु के आखिरी अवतार कल्कि के गुरु के रूप में परशुराम उपस्थित होंगे।

परशुराम के पिता जमदग्नि ऋषि थे और माता का नाम रेणुका था। परशुराम के पिता के पास कामधेनु गाय थी। राजा कार्तवीर्य अर्जुन जमदग्नि ऋषि से गाय मांगता है, मगर ऋषि मना कर देते हैं। इस पर राजा नाराज हो जाता है और जनदग्नि ऋषि की हत्या कर देता है।

परशुराम को जब इसका पता चलता है तो वो कार्तवीर्य को ललकारते हैं और अपने फरसे से उसका वध कर देते हैं। इसके बाद जब-जब धरती पर अधर्म का उत्थान हुआ, परशुराम ने अपने फरसे से उसका खात्मा किया।

परशुराम की मौजूदगी रामायण में भी मिलती है, जब राम-सीता के स्वयंवर के दौरान भगवान शिव का धनुष टूटने पर वो नाराज होकर भरी सभा में पहुंच जाते हैं। महाभारत में उन्हें भीष्म का गुरु दिखाया गया है।