Evil Dead Burn Box Office: ओपनिंग वीकेंड में ‘ईविल डेड बर्न’ ने Obsession को पीछे छोड़ा, 12 करोड़ की कमाई

Evil Dead Burn box office collection. Photo- X

मुंबई। Evil Dead Burn Box Office: हॉलीवुड हॉरर फिल्म ईविल डेड बर्न भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 12 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन किया है, जो इस साल की सरप्राइज हिट ऑब्सेशन से भी अधिक है। फिल्म की शुरुआती गति को देखकर कयास लगाये जा रहे हैं कि यह 2026 की सबसे बड़ी हॉलीवुड हॉरर फिल्म साबित होगी।

भारत में हॉलीवुड फिल्मों का बाजार पैर पसार चुका है। इसकी ताजा मिसाल क्रिस्टोफर नोलन का मुंबई दौरा है। नोलन ने अपनी आने वाली फिल्म द ओडिसी का यहां पहला वर्ल्ड प्रीमियर किया, यानी भारतीय दर्शकों ने दुनियाभर में सबसे पहले द ओडिसी देखी।

देश में हर साल तकरीबन हर बड़ी हॉलीवुड फिल्म रिलीज की जाती है। इस साल भी कई फिल्में आईं। हालांकि, उनमें से बहुत कम ने प्रभावित किया। इस साल की सरप्राइज हिट ऑब्सेशन रही। इस हॉलीवुड फिल्म ने भारत में लगभग 85 करोड़ का शानदार व्यापार किया।

Evil Dead Burn VS Obsession

अब पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई हॉलीवुड हॉरर फिल्म ईविल डेड बर्न उसी रास्ते पर जाती दिख रही है, जिसने ओपनिंग वीकेंड में ऑब्सेशन को पीछे छोड़ दिया है। निर्माताओं की ओर से जारी किये गये आंकड़ो के अनुसार, ईविल डेड बर्न ने ओपनिंग वीकेंड में 12.60 करोड़ नेट कलेक्शन किया है।

ऑब्सेशन ने इस अवधि में 7.45 करोड़ ही जमा किये थे। जाहिर है कि ईविल डेड बर्न की रफ्तार ऑब्सेशन से कहीं बेहतर है।

10 जुलाई को रिलीज हुई फिल्म ने 2.70 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी। इससे पहले पेड प्रीव्यूज से 54 लाख रुपये कमाये थे। शनिवार और रविवार को फिल्म ने 4.41 करोड़ और 4.95 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।

यह भी पढ़ें: भारत में एक दिन पहले आ जाएगी Spider-Man Brand New Day, इस तारीख से शुरू होगी हॉलीवुड फिल्म की एडवांस बुकिंग!

2026 की हाइएस्ट ग्रॉसिंग हॉरर फिल्म

इस ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन के साथ ईविल डेड बर्न 2026 में रिलीज हुई हॉलीवुड की हॉरर फिल्मों में पहले पायदान पर आ गई है। यहां तक कि बॉलीवुड फिल्म हॉन्टेड 3डी को भी इसके पीछे छोड़ दिया है, जिसने ओपनिंग वीकेंड में 9.60 करोड़ जमा किये थे।

साल 2026 की टॉप हॉलीवुड हॉरर फिल्मों के ओपनिंग वीकेंड इस प्रकार हैं-

  • ईविल डेड बर्न: 12.60 करोड़
  • ऑब्सेशन: 7.45 करोड़
  • ली क्रोनिन्स द ममी: 7.35 करोड़
  • स्क्रीम 7- 1 करोड़

सुपरनेचुरल हॉरर फिल्म ईविल डेड बर्न 2023 में आई ईविल डेड राइज का सीक्वल है और ईविल डेड फिल्म सीरीज की छठी फिल्म है। सेबास्टियन वेनिसेक ने इसका निर्देशन किया है। सोहेला याकूब ने लीड रोल निभाया है।