Salman Khan Viral Post: अकेलेपन पर सलमान खान की पोस्ट से मां को हुई चिंता, एक्टर बोले- मम्मी पूछ रही हैं, क्या हुआ बेटा?

Salman Khan clarifies his post on loneliness. Photo- X

मुंबई। Salman Khan Viral Post: बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक सलमान खान सोशल मीडिया में भी काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर फिल्मों के अलावा अपनी निजी जिंदगी की झलकियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा करते हैं। फैंस भी इन्हें पसंद करते हैं और प्रतिक्रिया देते हैं।

कभी-कभी अपने सितारे के लिए फैंस का प्यार इस कदर बढ़ जाता है कि वो सलमान की पोस्ट में वो पढ़ने की कोशिश करते हैं, जो लिखा नहीं गया। ऐसी ही एक पोस्ट पर फैंस की इतनी प्रतिक्रियाएं आईं कि उन्हें सफाई देनी पड़ी।

सलमान ने अकेलेपर पर शेयर की थी पोस्ट

दरअसल, सोमवार को सलमान ने अपनी एक फोटो पोस्ट की थी, जिसमें वो सोफे पर टॉपलेस लेटे हुए हैं। फोटो इस तरह ली गई है कि सलमान की फिजीक दिख रही है, मगर चेहरा अंधेरे में छिपा है। सलमान के दोनों हाथ सिर पर हैं। इस फोटो के साथ एक्ट ने लिखा-

मैं अपने साथ। खुद में रहने के दो तरीके- अकेले और एकांत। अकेले रहना अपनी मर्जी होती है और अकेलापन तब होता है, जब कोई आपके साथ नहीं रहना चाहता। अब इसके आगे आप तय कीजिए कि आपको क्या करना है।

यह भी पढ़ें: ‘काश! मैंने पहले सुना होता…’, पिता सलीम खान की वो बात, जिसे सुनकर पछताये Salman Khan

सलमान की इस पोस्ट से इंटरनेट पर तहलका मच गया। कुछ लोग 60 की उम्र में भी उनकी फिजीक की तारीफ करते नहीं थक रहे थे तो कुछ लोग उनकी पोस्ट में लिखे गये शब्दों के निहितार्थ निकालने लगे। उन्हें लगा कि जीवन के इस मोड़ पर सलमान अकेलापन महसूस कर रहे हैं।

सलमान खान ने दूर किया कन्फ्यूजन

जब ऐसी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई तो सलमान ने देर रात कन्फ्यूजन दूर करने के लिए एक और पोस्ट डाली, जिसमें उन्होंने लिखा- अरे यार, मैं अपने बारे में नहीं बात कर रहा था। मैं कैसे अकेला हो सकता हूं, जिसके पास इतनी शानदार बड़ी फैमिली है और दोस्त हैं और कैसे में अकेलापन महसूस कर सकता हूं, जबकि आप सब मेरे साथ हैं। आपकी शुभकामनाएं और दुआएं मेरे साथ हैं। अगर ऐसा होगा तो मुझसे बड़ा नाशुक्र कोई नहीं होगा।

कभी कभी लोगों के साथ रह कर पक जाता हूं, इसलिए कुछ वक्त… बस। इस बार कोई फोटो नहीं, ब्रेकिंग न्यूज बना दिया। मम्मी पूछ रही हैं- क्या हुआ बेटा? ठंड रखो यार।

सलमान का अपने फैंस के साथ संवाद करने का तरीका भी अनोखा है। वो इस तरह लिखते हैं कि लगता है, सामने बैठकर बात कर रहे हैं। उनके लिखे में एक अपनापन होता है, जिससे फैंस कनेक्ट करते हैं। बहरहाल, सलमान की इस पोस्ट के बाद उम्मीद है कि फैंस की चिंताएं खत्म हो गई होंगी।

दबंग खान के करियर की बात करें तो उनकी फिल्म मातृभूमि बनकर तैयार है। यह फिल्म कुछ राजनीतिक कारणों से अटकी हुई है। वहीं, सलमान ने दिल राजू के प्रोडक्शन में बन रही अपनी अगली एक्शन फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है।