मुंबई। Peddi Trailer Out: राम चरण के फैंस के लिए इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। 18 मई को मुंबई के जिओ वर्ल्ड ड्राइव में धूमधाम से पेद्दी का ऑफिशियल ट्रेलर लॉन्च हुआ। राम चरण, जाह्नवी कपूर और बुची बाबू सना की फिल्म का यह 3 मिनट का ट्रेलर देखते ही दर्शक रोमांचित हो उठे।
पीरियड फिल्म है पेद्दी
ट्रेलर रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर ‘प्योर फायर पावर’ और ‘मास सिनेमा’ जैसे कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। यह ट्रेलर न् सिर्फ फिल्म की झलक दिखाता है, बल्कि 1980 के दशक के ग्रामीण आंध्र प्रदेश की जड़ों को छूता हुआ एक एपिक स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा की कहानी बयां करता है।
पेद्दी फिल्म की कहानी 1980 के दशक के ग्रामीण आंध्र प्रदेश में सेट है। फिल्म में राम चरण ‘पेद्दी पहलवान’ के रोल में नजर आएंगे। पेद्दी एक जज्बाती गांव वाला है, जो खेल के जरिए पूरे समुदाय को एकजुट करता है और अपनी प्रतिष्ठा, गर्व व अस्तित्व की लड़ाई में पड़ोस के शक्तिशाली दुश्मन के खिलाफ खड़ा होता हैा।
यह भी पढ़ें: Welcome To The Jungle Teaser: फिल्म नहीं करना चाहते थे अक्षय कुमार, मगर पैसे बीच में आ गये… देखिए मजेदार टीजर
कैसा है पेद्दी का ट्रेलर?
ट्रेलर में राम चरण का रॉ एंड रफ लुक, पहलवानी का जोश और क्रिकेट के मैदान पर धमाकेदार शॉट्स देखकर लगता है, जैसे विराट कोहली कुश्ती खेल रहे हों। ट्रेलर की खासियत यह है कि इसमें इमोशन, एलिवेशन और पागलपन का कमाल का मिश्रण है।
1980 के दशक की ग्रामीण पृष्ठभूमि, धूल भरे मैदान, पारंपरिक कुश्ती और आधुनिक खेल का रोमांचिक मेल देखकर दर्शक रोमांचित हो जाते हैं। फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है, जिन्होंने पहले ही ग्रामीण कहानियों पर अपनी पकड़ साबित कर दी है।
संगीतकार ए.आर. रहमान (ऑस्कर विजेता) की धुनें ट्रेलर में जान डाल रही हैं। रहमान की बैकग्राउंड स्कोर और गानों ने ट्रेलर को अगला स्तर दे दिया है। फिल्म में राम चरण के अलावा जाह्नवी कपूर ‘अचियम्मा’ के रोल में हैं, जो पेद्दी की लव इंटरेस्ट हैं।
फिल्म में बॉलीवुड और रीजनल सिनेमा के कई बेहतरीन कलाकार अहम किरदारों में दिखेंगे। कन्नड़ सुपरस्टार शिवराजकुमार, जगपति बाबू, बमन ईरानी, दिव्येंदु, रवि किशन और बंगाली सिनेमा के दिग्गज राजतव दत्ता महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। दिव्येंदु का यह तेलुगु डेब्यू है।

कब रिलीज होगी फिल्म?
पेद्दी तेलुगु सिनेमा की मोस्ट अवेटेड फिल्म है, जो 4 जून को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। तेलुगु के साथ-साथ हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम समेत कई भाषाओं में फिल्म आएगी।
फिल्म पहले 27 मार्च को रिलीज होने वाली थी, मगर तब 19 मार्च को धुरंधर 2 और टॉक्सिक आने वाली थीं। इसलिए इसे 30 अप्रैल तक खिसका दिया गया। मगर, पिछले दिनों जब टॉक्सिक अनिश्चितकाल के लिए पोस्टपोन हो गई, तब इसकी रिलीज डेट 4 जून कर दी गई।

