Paper Leak Protest: 24 घंटे में ही सलमान खान का पेपर लीक प्रोटेस्ट पर बदला रुख, सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग

Salman Khan trollerd after changing his stand on student protest. Photo- X

मुंबई। Paper Leak Protest: दिल्ली के जंतर मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन ने पिछले कुछ दिनों में काफी सुर्खियां बटोरीं। छात्र और अभिभावक परीक्षा में कथित अनियमितताओं, लीक और व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान भी चर्चा में आ गए, लेकिन उनके दो अलग-अलग बयानों ने सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया।

पहले किया छात्रों का समर्थन

22 जुलाई 2026 को सलमान खान ने अपने एक्स अकाउंट पर एक लम्बी पोस्ट लिखी, जिसमें उन्होंने छात्रों की हिम्मत, समर्पण और शांतिपूर्ण तरीके की तारीफ की। सलमान ने कहा कि यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है, इसे राजनीतिक रूप से हाईजैक नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार मजबूत शिक्षा व्यवस्था बनाने में सहयोग करेगी और भारत को शिक्षा का हब बनाएगी।

इस पोस्ट में उन्होंने छात्रों को “साहसी और बहादुर” बताया और आंदोलन को सही रास्ता करार दिया। कई लोगों ने इस समर्थन की सराहना की।

यह भी पढ़ें: Paper Leak Protest: धीरे-धीरे टूट रही है बॉलीवुड की चुप्पी! जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के सपोर्ट में आये सलमान खान

24 घंटे बाद यू-टर्न

अगले ही दिन, 23 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फास्ट-ट्रैक कोर्ट और सख्त कार्रवाई के एलान के बाद सलमान का रुख बदल गया। उन्होंने नया पोस्ट किया- स्टूडेंट्स शीर्ष प्राथमिकता हैं, चाहे शिक्षा की बात हो या सुरक्षा की। इसलिए, फिक्र की कोई बात नहीं।

आदरणीय प्रधानमंत्री ने ट्वीट कया है और मुझे यकीन है कि वो सख्त कार्रवाई करेंगे। इसलिए, स्टूडेंट्स, अपने माता-पिता के पास लौट जाइए। इस ट्वीट में सलमान ने सोनम वांगचुक के अनशन को संबोधित करते हुए लिखा- सोनम, यह हो चुका है। अब इसे खींचो मत। किसी और दिन के लिए जज्बा बचाकर रखो, अगर इसकी जरूरत होगी। हालांकि, मुझे नहीं लगता, जरूरत पड़ेगी। कुछ खा लो। अगर आप चाहो, अपने घर से खाना भेजता हूं।

यह बयान उनके पहले वाले समर्थन से बिल्कुल उलट था। पहले जहां वे आंदोलन की तारीफ कर रहे थे, वहीं अब छात्रों से घर लौटने और आंदोलन खत्म करने की अपील कर रहे थे।

सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग

सलमान के बाद वाले ट्वीट ने सोशल मीडिया पर तूफान खड़ा कर दिया। यूजर्स ने इसे “यू-टर्न” और “हिपोक्रिसी” करार दिया। कई लोगों ने पुराना क्लिप निकालकर ट्रोल किया। यह क्लिप कपिल शर्मा के शो की है, जिसमें सलमान के पिता सलीम खान बताते हैं सलमान पेपर लीक के जरिए परीक्षा से पहले पेपर हासिल कर लिया करते थे। कमेंट्स में लिखा गया, “खुद लीक पेपर लेकर पास हुए और अब छात्रों को उपदेश दे रहे हैं।”

कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि सरकार के आश्वासन के बाद सलमान ने पक्ष बदल लिया। “BJP सपोर्ट” और “जोकर्स” जैसे शब्दों के साथ ट्रोलिंग हुई। वहीं कुछ लोगों ने उनका पक्ष लिया और कहा कि प्रधानमंत्री के वादे के बाद आंदोलन जारी रखने की जरूरत नहीं।