मुंबई। Krishnavataram Part 1 Trailer: प्रेम रस का सबसे पवित्र और दैविक रूप है राधा और कृष्ण का प्रेम। महाभारत के युद्ध की धुरी बनने से पहले कृष्ण ने मथुरा-वृंदावन में जो लीलाएं दिखाईं, वो उनके व्यक्तित्व के बिल्कुल अलग पक्ष को दिखाती हैं। बालपन की शरारतें और किशोरावस्था में प्रेम के प्रसंग कृष्ण के जीवन का कोमल हिस्सा हैं।
खासकर, राधा के साथ कृष्ण के प्रेम की कहानियां, जिन्हें रासलीला कहा जाता है, कृष्ण भक्तों को सदियों से लुभाती रही हैं। विभिन्न लेखकों ने अलग-अलग कालखंडों में कृष्ण और राधा के प्रेम और वियोग पर बहुत कुछ लिखा है। अब इसी को पर्दे पर दिखाएगी कृष्णावतारम पार्ट-1 द हार्ट, जिसका ट्रेलर जारी किया गया है।
वृंदावन में रिलीज हुआ फिल्म का ट्रेलर
फिल्म का ट्रेलर कृष्ण की जन्म और लीला भूमि वृंदावन के रमन रेती मंदिर, राधा रानी मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन में लॉन्च किया गया, जो धीरे-धीरे भक्ति आंदोलन की तरह फैलता चला गया। फिल्म में कृष्ण का किरदार सिद्धार्थ गुप्ता निभा रहे हैं। सुष्मिता भट राधा, संस्कृति जयना सत्यभामा और नीवाशियनी कृष्णन रुक्मिणी के रोल में हैं।
ट्रेलर राधा-कृष्ण के प्रेम और उनकी अन्य पत्नियों सत्यभामा और रुक्मिणी के संबंधों को दिखाता है। कुछ अंश महाभारत और कृष्ण की नगरी द्वारका के भी हैं। वॉरियर क्वीन सत्यभामा ने नरकासुर को पराजित करने में कृष्ण की मदद की थी। रुक्मिणी कृष्ण की पहली पत्नी मानी जाती हैं।
कृष्णावतारम को वैश्विक स्तर पर एए फिल्म्स द्वारा वितरित किया जाएगा, जबकि इसका संगीत सारेगामा द्वारा रिलीज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Ramayana Teaser: रामायण के पहले टीजर को मिलीं आलोचनाओं के बीच नमित मल्होत्रा ने दिया संदेश- ‘हम गौर से सुन रहे हैं…’
7 मई को रिलीज होगी फिल्म
हार्दिक गज्जर निर्देशित कृष्णावतारम को क्रिएटिवलैंड स्टूडियोज एंटरटेनमेंट के साजन राज कुरुप और शोभा संत, तथा अथ श्रीकथा मोशन पिक्चर्स के पूनम श्रॉफ और पार्थ गज्जर द्वारा प्रस्तुत और निर्मित किया गया है।
प्रकाश कपाड़िया और राम मोरी लिखित इस फिल्म में सिनेमैटोग्राफी अयानांका बोस की है, संगीत प्रसाद एस का है, प्रोडक्शन डिजाइन चोकस भारद्वाज का है, कॉस्ट्यूम निधि यशा द्वारा डिजाइन किए गए हैं और गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। तीन-भाग वाली सिनेमाई फ्रेंचाइजी के पहले अध्याय के रूप में परिकल्पित, कृष्णावतारम 7 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
