मुंबई। Bhooth Bangla Box Office Week 3: अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला ने बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक प्रदर्शन किया है। सिनेमाघरों में तीन हफ्ते गुजारने के बाद फिल्म के वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ने 200 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। वहीं, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 140 करोड़ के आसपास कमाई कर ली है।
तीन हफ्तों में 139 करोड़
17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने 7 मई को रिलीज के तीन हफ्ते यानी 21 दिन पूरे किये। बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, फिल्म ने इस दौरान 139.55 करोड़ नेट कलेक्शन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर किया है। भूत बंगला के बजट को देखते हुए यह कमाई ठीकठाक मानी जाएगी। हालांकि, अक्षय कुमार जैसा सुपरस्टार फिल्म में हो तो ज्यादा की उम्मीद रहती है।
दूसरा पहलू यह भी है कि पिछले कुछ वक्त से अक्षय की फिल्में जिस रफ्तार से बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो रही हैं, उस लिहाज से भूत बंगला एक राहत ही कही जाएगी। फिल्म ने कम से कम 100 करोड़ का पड़ाव तो पार कर लिया।
हफ्ता-दर-हफ्ता यूं रही भूत बंगला की कमाई
रिलीज से पहले 16 अप्रैल को भूत बंगला के पेड प्रीव्यूज रखे गये थे, जिसमें फिल्म ने 3.50 करोड़ जुटा लिये थे। इसके बाद 17 अप्रैल को रिलीज के पहले दिन 11.50 करोड़ का कारोबार किया था।
फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 54.50 करोड़ नेट जमा किये। पहले हफ्ते में फिल्म की कमाई 79.75 करोड़ नेट रही। दूसरे हफ्ते में 40.40 करोड़ और तीसरे हफ्ते में 19.40 करोड़ नेट कलेक्शन किया।
- ओपनिंग कलेक्शन: 15 करोड़ (पेड प्रीव्यूज मिलाकर)
- ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन: 54.50 करोड़
- पहले हफ्ते का कलेक्शन: 79.75 करोड़
- दो हफ्तों का कलेक्शन: 120.150 करोड़
- तीन हफ्तों का कलेक्शन: 139.55 करोड़
242 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन वर्ल्डवाइड
निर्माता बालाजी मोशन पिक्चर्स की ओर से शेयर किये गये आंकड़ों के मुताबिक, भूत बंगला ने वर्ल्डवाइड 242.35 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया है, जिसमें से 193.15 करोड़ घरेलू बॉक्स ऑफिस का ग्रॉस कलेक्शन है, जबकि 49.20 करोड़ ओवरसीज से आया है।

भूत बंगला में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव और दिवंगत असरानी ने प्रमुख किरदार निभाये। अक्षय और प्रियदर्शन इस फिल्म के जरिए कई साल बाद साथ आये हैं।

