मुंबई। 25 Years of Gadar Ek Prem Katha: 15 जून 2001 को रिलीज हुई पीरियड एक्शन फिल्म गदर एक प्रेम कथा हिंदी सिनेमा की आइकॉनिक फिल्मों में से एक है, जिसने ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व कामयाबी हासिल की, बल्कि सिनेमा के इतिहास में अपना नाम दर्ज कर लिया।
यह फिल्म आज भी सनी देओल के तेवर, तीखे संवाद और जोरदार एक्शन दृश्यों के लिए जानी जाती है। सनी का नल उखाड़ने वाला सीन हो या क्लाइमैक्स का ट्रेन वाला सीन… आज भी देखते हुए रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
फिल्म में सनी ने तारा सिंह का किरदार निभाया था, जबकि अमीषा पटेल फीमेल लीड थीं। स्वर्गीय अमरीश पुरी ने सियासत के कद्दावर नेता अशरफ अली की भूमिका निभाई थी, जिनकी बेटी सकीना होती है। दिवंगत कॉमेडी अभिनेता विवेक शौक तारा सिंह के दोस्त के किरदार में थे।
बंटवारे के दर्द से निकली मासूम मोहब्बत की कहानी
अनिल शर्मा निर्देशित यह फिल्म बंटवारे की पृष्ठभूमि में बनी एक प्रेम कहानी थी, जिसमें सनी दओल ने ट्रक ड्राइवर तारा सिंह की भूमिका निभाई थी। तारा को स्कूल में पड़ने वाली सकीना अच्छी लगती है, जो सियासदां अशरफ अली की बेटी है। बंटवारे के दौरान अशरफ अली का परिवार पाकिस्तान शिफ्ट हो जाता है, मगर सकीना अफरा-तफरी में पीछे छूट जाती है।
दंगों के दौरान कुछ युवक सकीना के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करते हैं, तब तारा सिंह उसे बचाता है और सकीना को अपने घर रखता है। तमाम विरोध और हिंसा की कोशिशों के बावजूद तारा उसे बचाता है। वक्त के साथ सकीना को जारा से प्यार हो जाता है।
दोनों शादी कर लेते हैं। दोनों का बेटा जीते होता है। जीते जब आठ-दस साल का होता है तो सकीना को पता चलता है कि अशरफ अली और उसका पूरा परिवार जिंदा है।
सकीना की खातिर तारा उसे बेटे के साथ परिवार से मिलवाने ले जाता है, मगर पाकिस्तान की सियासत में रसूख रखने वाला अशरफ धोखा देता है और सकीना को रोकने की कोशिश करता है। तब तारा सिंह अपनी पत्नी और बच्चे के लिए पूरे पाकिस्तान से टकरा जाता है।
यह भी पढ़ें: IKKA OTT Release: ‘इक्का’ के साथ ओटीटी डेब्यू करेंगे सनी देओल, नेटफ्लिक्स पर इस तारीख को ओपन होगा अक्षय खन्ना का केस!
गदर एक प्रेम कथा से जुड़े कुछ रोचक तथ्य
- 25वीं सालगिरह और लगान के साथ क्लैश
फिल्म 15 जून 2001 को रिलीज हुई थी। उसी दिन आमिर खान की ‘लगान’ भी रिलीज हुई थी। दोनों फिल्में जबरदस्त सफल रहीं, लेकिन गदर ने बॉक्स ऑफिस पर लगान को पीछे छोड़ दिया। दिलचस्प पहलू यह है कि अब 25 साल बाद सनी देओल और आमिर खान बंटवारा 1947 के जरिए साथ आये हैं। यह फिल्म भी गदर की तरह देश विभाजन के दर्द को दिखाती है। - वास्तविक कहानी पर आधारित
फिल्म की कहानी 1947 के विभाजन के दौरान बूटा सिंह नामक एक सिख पूर्व सैनिक की वास्तविक दुखद प्रेम कहानी से प्रेरित है। उन्होंने मुस्लिम लड़की जैनब से प्यार किया और विभाजन के बाद उन्हें परिवार से मिलाने के लिए पाकिस्तान गए थे। - कास्टिंग चॉइस
काजोल को सकीना का रोल सबसे पहले ऑफर किया गया था, लेकिन उन्होंने डेट इश्यू की वजह से मना कर दिया। गोविंदा को पहले तारा सिंह का रोल ऑफर किया गया था, लेकिन उनकी फिल्म ‘महाराजा’ फ्लॉप होने के बाद सनी देओल को चुना गया। - अमीषा पटेल का कठिन ऑडिशन
अमीषा पटेल को 500 से ज्यादा लड़कियों में से चुना गया। उन्होंने 12 घंटे का लंबा ऑडिशन दिया था। गदर उनकी डेब्यू फिल्म होने वाली थी, लेकिन ‘कहो ना… प्यार है’ पहले रिलीज हो गई। - बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई
करीब 18-19 करोड़ के बजट पर बनी फिल्म ने 133 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। यह उस समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई। भारत में 5 करोड़ से ज्यादा फुटफॉल्स रिकॉर्ड किए गए, जो धुरंधर और धुरंधर 2 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से ज्यादा है। - रिकॉर्ड ब्रेकिंग रिलीज
फिल्म उस समय के हिसाब से रिकॉर्ड 350 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी। ओपनिंग डे पर 1.4 करोड़ और पहले वीकेंड में 4.08 करोड़ की कमाई हुई थी। - आइकॉनिक हैंडपंप सीन
फिल्म का सबसे यादगार सीन वह है, जिसमें सनी देओल गुस्से में हैंडपंप उखाड़ फेंकते हैं। यह सिर्फ एक्शन नहीं, बल्कि भावनाओं का प्रतीक था और बॉलीवुड का कल्ट सीन बन गया। - शानदार म्यूजिक
संगीत उत्तम सिंह ने दिया और सारे गाने आनंद बख्शी ने लिखे थे। एल्बम की 25 लाख से ज्यादा कॉपियां बिकीं। ‘उड़जा काले कांवां’ जैसे गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। - तारा-सकीना का बेटा
डायरेक्टर अनिल शर्मा के बेटे उत्कर्ष शर्मा ने तारा सिंह और सकीना के बेटे ‘जीते’ का रोल निभाया था। यह उनकी पहली फिल्म थी। - अवार्ड्स और विरासत
सनी देओल को फिल्मफेयर में बेस्ट एक्टर का नॉमिनेशन मिला। अमीषा पटेल को स्पेशल परफॉर्मेंस अवॉर्ड मिला। फिल्म अपने तगड़े डायलॉग्स, एक्शन और सनी देओल की जबरदस्त परफॉर्मेंस के लिए आज भी याद की जाती है। 2023 में ‘गदर 2’ भी बड़ी हिट हुई।
सनी और अनिल शर्मा ने किया याद
सनी देओल ने एक्स पर तारा सिंह की ओर से अपने फैंस के नाम पैगाम देते हुए लिखा- 25 साल पहले गदर और तारा सिंह ने आपके दिल जीते थे। 25 साल से प्यार के रिश्ते की गड्डी चल रही है और आगे भी चलती रहेगी।
हम सबको को 25 साल बेशुमार प्यार देने और अपने दिलों में रखने के लिए शुक्रिया। उम्मीद है, हम हमेशा वहां रहेंगे।
निर्देशक अनिल शर्मा ने वीडियो संदेश में कहा- मुझे लगता ही नहीं, 25 साल हो गये। अभी कल की ही तो बात थी। हर उस व्यक्ति को, जिसे गदर पसंद है, बहुत बधाई। यह फिल्म मेरी नहीं, आपकी है।
दिलचस्प बात यह है कि प्रेम का संदेश देने वाली गदर एक प्रेम कथा को भी नफरत का सामना करना पड़ा था। रिलीज के बाद कुछ मुस्लिम संगठनों ने फिल्म में एक सिख और मुस्लिम लड़की की शादी दिखाये जाने पर विरोध प्रदर्शन किया था और फिल्म को बैन करने की मांग की थी।
लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में शूटिंग के समय भी गदर को विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके बाद फिल्म के कुछ हिस्से रूमी गेट पर शूट किये गये थे। गदर का सीक्वल गदर 2, 11 अगस्त 2023 को रिलीज हुआ था, जिसने 500 करोड़ से अधिक कारोबार किया था।

