Alpha Box Office Day 3: रविवार को ऐल्फा ने दिखाया दम, 2026 के टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में बनाई जगह

Alpha box office collection Day 3. Photo- X

मुंबई। Alpha Box Office Day 3: हिंदी सिनेमा इस समय एक अनिश्चित दौर से गुजर रहा है, जहां फिल्मों का भविष्य बॉलीवुड के प्रकांड पंडित भी नहीं पढ़ पा रहे हैं। बड़े बैनरों और स्टार कास्ट वाली फिल्मों को वो सफलता नहीं मिल रही, जिसे बिना किसी संदेह के सेलिब्रेट किया जा सके।

सोशल मीडिया इतना उग्र हो गया है कि पहले से निर्धारित अपनी विचारधारा के चश्मे से फिल्म को देखता है और टीजर आते ही उसके समर्थन या मुखालिफत का दौर शुरू हो जाता है। सोशल मीडिया से फिल्म के कलेक्शन पर सीधा असर पड़ता है या नहीं, इसकी कोई ठोस स्टडी नहीं है, मगर फिल्म के पक्ष या विपक्ष में एक माहौल जरूर बनने लगता है।

पिछले कुछ सालों में यह चलन बढ़ा है। हालांकि, ऐसी कई फिल्में आई हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया की तमाम नेगेटिविटी के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक परफॉर्म किया। ओपनिंग वीकेंड में ऐल्फा की परफॉर्मेंस भी इसी श्रेणी में रखी जाएगी। तमाम नकारात्मक बातों के बावजूद फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ठीकठाक कमाई की है। शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई डबल डिजिट में रही।

ओपनिंग वीकेंड में 34 करोड़ नेट कलेक्शन

ऐल्फा 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने 9.25 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया। शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आया और 11.75 करोड़ जमा कर लिये। रविवार को फिल्म ने जोरदार छलांग लगाई और 13.50 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। ये सभी आंकड़े यशराज फिल्म्स की ओर से जारी किये गये हैं, जो निर्माता हैं।

ओपनिंग वीकेंड में ऐल्फा का नेट कलेक्शन 34.50 करोड़ हो गया और इसी के साथ आलिया भट्ट की यह फिल्म इस साल के टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में छठे स्थान पर आ गई है।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas This July: ‘ऐल्फा’ से ‘स्पाइडर-मैन’ तक, दूसरी छमाही के पहले महीने में इन फिल्मों के साथ चार गुना होगा ‘धमाल’

Top 10 Highest Opening Weekend in 2026

1- धुरंधर: 503 करोड़

2- बॉर्डर 2: 129.89 करोड़

3- वेलकम टू द जंगल: 63.47 करोड़

4- भूत बंगला: 54.50 करोड़

5- कॉकटेल 2: 46.76 करोड़

6- ऐल्फा: 34.50 करोड़

7- ओ रोमियो: 28.25 करोड़

8- है जवानी तो इश्क होना है: 24.40 करोड़

9- इक्कीस: 18.20 करोड़

10- मर्दानी 3: 17.25 करोड़

गंगूबाई काठियावाड़ी से पिछली ऐल्फा

अगर आलिया भट्ट की सोलो लीड रोल वाली फिल्मों से तुलना करें तो ऐल्फा की परफॉर्मेंस राजी से बेहतर और गंगूबाई काठियावाड़ी से खराब रही है। संजय लीला भंसाली की गंगूबाई काठियावाड़ी ने ओपनिंग वीकेंड में 39.12 करोड़ नेट कलेक्शन किया था, जबकि मेघना गुलजार निर्देशित राजी ने 32.94 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में जुटाये थे।

यशराज फिल्म्स के स्पाइ यूनिवर्स की छठी फिल्म ऐल्फा का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। फिल्म में आलिया के साथ शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर प्रमुख किरदारों में हैं। हालांकि, फिल्म काफी हद तक आलिया के कंधों पर टिकी है, जिन्होंने लीड रोल निभाया है।