मुंबई। WTTJ VS Alpha Box Office: कुछ अपवादों को छोड़ दें तो ज्यादातर हिंदी फिल्मों की उम्र अब 3-4 हफ्ते रह गई है। ओपनिंग वीकेंड के शोर-शराबे के बाद फिल्में एकदम धड़ाम होती हैं और किसी नई बड़ी फिल्म के आने तक बॉक्स ऑफिस पर रेंगती रहती हैं। ऐसा लगता है कि वो चल नहीं रही हैं, उन्हें चलाया जा रहा है।
यह पैटर्न लगभग हर फिल्म के लिए नजर आता है। चाहे हीरो अक्षय कुमार हों या अजय देवगन या फिर कोई और। पिछले एक महीने में रिलीज हुईं फिल्मों में यही पैटर्न देखने को मिल रहा है।
अक्षय कुमार की वेलकम टू द जंगल ने सिनेमाघरों में तीन हफ्तों का सफर पूरा कर लिया और अब यह अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है। फिल्म चौथा हफ्ता मुश्किल से खींच पाएगी। कुछ यही हाल आलिया भट्ट की ऐल्फा का है, जिसने दो हफ्ते पूरे किये हैं और अब आखिरी सांसें गिन रही है।
आइए, आपको विस्तार से बताते हैं कि एक हफ्ते के अंतराल पर रिलीज हुईं दोनों फिल्मों का बॉक्स ऑफिस सफर कैसा रहा।
छठे हफ्ते में वेलकम… को मिले 6 करोड़
26 जून को रिलीज हुई कॉमेडी ड्रामा फिल्म ने 16 जुलाई को तीन हफ्ते पूरे किये और तीसरे हफ्ते में सिर्फ 6.51 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका 21 दिनों का नेट कलेक्शन 128.81 करोड़ हो गया है। तीसरे हफ्ते में फिल्म की रफ्तार काफी घट गई। छठे शुक्रवार को फिल्म ने सिर्फ 85 लाख का कलेक्शन किया था। शनिवार और रविवार को छोड़कर किसी भी दिन फिल्म 1 करोड़ के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। 10-16 जुलाई के बीच छठे हफ्ते में फिल्म के प्रतिदिन कलेक्शंस इस प्रकार रहे-
यह भी पढ़ें: Awarapan 2 Teaser: इमरान हाशमी ने कर दिया एलान- ‘इस बार या तो आवारापन खत्म होगा या मैं…’, देखें जबरदस्त टीजर
- शुक्रवार- 85 लाख
- शनिवार- 1.54 करोड़
- रविवार- 1.86 करोड़
- सोमवार- 52 लाख
- मंगलवार- 76 लाख
- बुधवार- 49 लाख
- गुरुवार- 49 लाख
अहमद खान निर्देशित वेलकम टू द जंगल ने 14.80 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि 3.93 करोड़ पेड प्रीव्यूज से जमा किये थे। ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने 63.47 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जबकि पहले हफ्ते में फिल्म ने 91.64 करोड़ जमा किये थे। दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 30.52 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।
ऐल्फा ने दो हफ्तों में कमाये 55 करोड़
ऐल्फा 3 जुलाई को सिनेमाघरों में आई। यशराज फिल्म्स के बहुचर्चित और बहुप्रचारित स्पाइ यूनिवर्स की छठी फिल्म ऐल्फा को लेकर बड़े-बड़े पुल बांधे गये, मगर रिलीज के साथ ही समझ आ गया कि यह ऐल्फा बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा दिनों की मेहमान नहीं है।
16 जुलाई को फिल्म ने 64 लाख के साथ दो हफ्ते पूरे किये। फिल्म का 14 दिनों का नेट कलेक्शन अब 55.43 करोड़ हो चुका है। ऐल्फा ने 10-16 जुलाई के बीच दूसरे हफ्ते में सिर्फ 8.54 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जो यह बताने के लिए काफी है कि फिल्म का पैकअप अब होने में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं।
शिव रवैल निर्देशित ऐल्फा ने 9.12 करोड़ की ओपनिंग ली थी और ओपनिंग वीकेंड में 33.48 करोड़ जमा किये थे। पहले हफ्ते में फिल्म का नेट कलेक्शन 46.89 करोड़ रहा था।
ऐल्फा के साथ दिक्कत यह भी रही कि ये दो बड़ी फिल्मों वेलकम टू द जंगल और धमाल 4 के बीच सैंडविच बनकर पिस गई। जब ऐल्फा रिलीज हुई तो वेलकम टू द जंगल रफ्तार में थी और जब ऐल्फा ने कुछ मोमेंटम पकड़ा तो धमाल 4 आ गई।
वैसे भी, ऐल्फा को लेकर सोशल मीडिया में इतनी ज्यादा नेगेटिविटी हुई कि फिल्म को सांस लेना मुश्किल हो गया। बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे कलाकारों की मौजूदगी और ऋतिक रोशन का कैमियो भी ऐल्फा को बचा नहीं सका।

