मुंबई। Saif Ali Khan in Haiwaan: सैफ अली खान ने अपने करियर की शुरुआत भले ही रोमांटिक और हल्के-फुल्के किरदारों के साथ की हो, मगर परिपक्वता के साथ उनके अभिनय में निखार तो आया ही, साथ में किरदारों के साथ प्रयोग करने की हिम्मत भी। पिछले कुछ सालों में सैफ ने ऐसे किरदार निभाये हैं, जिन्हें कोई मेन-स्ट्रीम बॉलीवुड एक्टर हाथ लगाने से भी कतराएगा।
सैफ की प्रयोगधर्मिता का यह सिलसिला जारी है और अब वो हैवान में ऐसे किरदार में दिखेंगे, जो पहले कभी नहीं किया। इस फिल्म में अक्षय कुमार नेगेटिव भूमिका में हैं। प्रियदर्शन निर्देशित फिल्म 11 सितम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हाल ही में फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर जारी करके इसके प्रमोशंस का आगाज किया गया।
नेत्रहीन किरदार में दिखेंगे सैफ
इस मौके पर सैफ ने फिल्म में अपने किरदार और प्रियदर्शन के साथ पहली बार काम करने पर बात की। सैफ फिल्म में नेत्रहीन किरदार निभा रहे हैं, जो एक्शन भी करता है। सैफ ने इसको लेकर कहा- यह मुझे अब तक मिले किरदारों में सबसे शानदार है, क्योंकि यह सहानुभूति लेने वाला किरदार है।
अपने दिमाग में मैं एक नेत्रहीन समुराई का किरदार निभा रहा हूं। कितना मजेदार है? वो नेत्रहीन है, मगर उसमें कुछ खास शक्तियां हैं। वो चीजों को महसूस कर सकता है, लड़ सकता है, गेंद पकड़ सकता है और एक छोटी-सी बच्ची की हिफाजत कर सकता है। इस किरदार की शारीरिक भाषा को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाये बिना निभाना दिलचस्प रहा।
अक्षय कुमार प्रियदर्शन के निर्देशन में कई बार काम कर चुके हैं, मगर सैफ का पहला मौका है। प्रियदर्शन के बारे में उन्होंने कहा- यह मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव था। यही नहीं, यह किरदार इस तरह लिखा गया है कि दर्शकों की सहानुभूति उसे मिलेगी, जो मुझे अब तक नहीं मिली है, जो भी कारण रहे हों।

क्लिंग ईस्टवुड की तरह हैं प्रियदर्शन
मुझे खुशी है कि यह किरदार मिला। प्रियदर्शन के साथ काम करना शानदार रहा। यह मुझे क्लिंट ईस्टवुड की याद दिलाता है। मितव्ययी और इस बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट कि उन्हें क्या चाहिए। हमने कभी-कभार ही एक से ज्यादा टेक किया होगा। मुझे ज्यादा टेक्स देने में मजा आता है, मगर आपको जिसके साथ काम कर रहे हो, उसके हिसाब से करना पड़ता है।
बता दें, सैफ अली खान की पिछली रिलीज फिल्म कर्त्तव्य है, जो नेटफ्लिक्स पर आई थी। सिनेमाघरों में सैफ की आखिरी रिलीज देवरा पार्ट-1 है, जो 2024 में रिलीज हुई थी। हैवान, प्रियदर्शन की अपनी ही फिल्म ओप्पम से प्रेरित है, जो 2016 में आई थी। फिल्म में मोहनलाल ने सैफ वाला किरदार निभाया था।

