हिट एंड रन मामले में सलमान बरी, अदालत में हुए भावुक!

मुंबई: जाते- जाते 2015 सलमान खान को वो सौगात देकर जा रहा है, जिसे वो ज़िन्दगी भर याद रखेंगे। 10 दिसंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने सलमान को 13 साल पुराने हिट एंड रन केस में सभी आरोपों से बरी कर दिया।
न्यायमूर्ति ए.आर. जोशी ने बहु-प्रतीक्षित फैसला सुनाते हुए कहा, कि अभिनेता को इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए सबूतों के आधार पर दोषी नहीं ठहराया जा सकता। हाईकोर्ट के सीधे फैसले का मतलब है, कि अब सलमान जेल नहीं जाएंगे।
salman-khan-acquitted-in-2002-accident-case-lead-1
करीब डेढ़ बजे हाईकोर्ट पहुंचने के बाद सलमान को सामान्य स्थिति में ही देखा गया था। लेकिन, जैसे-जैसे फैसला पढ़ा जाने लगा, सलमान भावुक होने लगे। अदालत के अंदर ही पहले उनकी आंखे लाल हुईं और आंसू आ गए।
जब वो खुद को रोक नहीं पाए, तो दीवार की तरफ मुंह कर रोने लगे। सलमान की बहन अलवीरा, पिता सलीम खान अदालत में उनके साथ मौजूद थे।