मुंबई। Box Office Report: दर्शकों के मिजाज का अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल है। कब किसे ऊपर उठा दें, कब किसे जमीन पर पटक दें, कहना मुश्किल है। अब पिछले शुक्रवार (12 जून) को रिलीज हुई फिल्मों का नतीजा ही देख लीजिए।
सबसे कम उम्मीदों और प्रमोशन के साथ रिलीज हुई विक्रम भट्ट निर्देशित हॉरर फिल्म हॉन्टेड 3डी- एकोज ऑफ द पास्ट ने एक हफ्ते में सबसे ज्यादा कलेक्शन किया है। इसके साथ आईं कंगना रनौत की भारत भाग्य विधाता और मनोज बाजपेयी की गवर्नर बुरी तरह पि गईं। बस इम्तियाज अली की मैं वापस आऊंगा ने जरूर थोड़ा दम दिखाया।
हॉन्टेड 3डी एकोज ऑफ द पास्ट: विनर
बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस के आंकड़ों के मुताबिक, हॉरर फिल्म हॉन्टेड 3डी एकोज ऑफ द पास्ट ने पहले हफ्ते में 15.52 करोड़ नेट कलेक्शन किया है। यह विक्रम की पिछली फिल्म हॉन्टेड 3डी का सीक्वल है। फिल्म में महाअक्षय चक्रवर्ती और चेतना पांडे ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म में कोई बड़ा चेहरा ना होते भी दर्शकों ने इसमें अप्रत्याशित रूप से दिलचस्पी ली, जबकि इस फिल्म का प्रमोशन भी ना के बराबर हुआ था।
टिकी हुई है मैं वापस आऊंगा
इम्तियाज अली निर्देशित मैं वापस आऊंगा बीते हफ्ते की सबसे अधिक चर्चित फिल्म थी। इसकी स्टार कास्ट, कहानी, संगीत सब की तारीफ की गई। फिल्म का प्रमोशन भी जमकर हुआ, मगर पहले हफ्ते में मैं वापस आऊंगा हॉन्टेड 3डी से पिछड़ गई। फिल्म ने ओपनिंग वीक में 12.64 करोड़ नेट कलेक्शन किया। इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं।
बॉक्स ऑफिस नहीं संभाल पाये गवर्नर
मनोज बाजपेयी अभिनीत गवर्नर की भी खूब चर्चा रही। मगर, यह फिल्म पहले हफ्ते में सिर्फ 4.98 करोड़ ही जुटा सकी, जबकि इसका निर्माण द केरल स्टोरी वाले विपुल अमृतलाल शाह ने किया। वहीं, निर्देशन चिन्मय मांडलेकर का था। फिल्म की कहानी रियल लाइफ से प्रेरित थी।
नहीं बदला कंगना का भाग्य
बीजेपी एमपी और एक्ट्रेस कंगना रनौत लम्बे समय से फ्लॉप फिल्मों से जूझ रही हैं। भारत भाग्य विधाता ने उनकी इस लिस्ट को लम्बा किया है। मनोज तपाड़िया निर्देशित फिल्म ने पहले हफ्ते में सिर्फ 6.23 करोड़ नेट कलेक्शन किया है। इस फिल्म का कंगना ने जमकर प्रमोशन किया था और मीडिया इंटरव्यूज दिये थे, मगर लगता है कि कंगना उसी दर्शक को प्रभावित करने में विफल रहीं, जो उन्हें सोशल मीडिया में सपोर्ट करता है। खास बात यह है कि दिल्ली में फिल्म की स्क्रीनिंग में कई नेता शामिल हुए थे। बावजूद इसके भारत भाग्य विधाता ने कंगना के भाग्य को नहीं बदला।
अगर, साल 2026 में अभी तक रिलीज हुई फिल्मों की कमाई देखें तो 95 फीसदी फिल्में फ्लॉप रही हैं। धुरंधर 2 के बाद सिर्फ अक्षय कुमार की भूत बंगला है, जिसे हिट का दर्जा मिला है।

