मुंबई। He-Man and The Masters of the Universe: शाह रुख खान-आर्यन खान-अबराम खान के बाद अब जावेद जाफरी और मीजान जाफरी हॉलीवुड फिल्म में दो अलग-अलग किरदारों की आवाज बने हैं। फिल्म है हीमैन एंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स, जिसके हिंदी वर्जन में मीजान ने ही-मैन और जावेद ने विलेन स्केलेटर को आवाज दी है। फिल्म में ही-मैन का किरदार निकोलस गैलिट्जीन ने निभाया है।
आवाज की दुनिया में जावेद की वापसी
हीमैन एंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स का हिंदी ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। यह फिल्म 5 जून को अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी।
हीमैन पर बनी एनिमेशन फिल्में और शो नब्बे के दशक में काफी लोकप्रिय हुए थे और यही वो दौर था, जब जावेद जाफरी भी दर्शकों के बीच लोकप्रिया पा रहे थे। ऐसे में स्केलेटर के किरदार में जावेद की आवाज लोगों के लिए एक बेहतरीन याद की तरह होगी, जो बूगी-वूगी के पुराने दिनों में लेकर जाएगी।
यह भी पढ़ें: Hollywood New Movie Trailers: हॉलीवुड से आ रहा फिल्मों का तूफान, एक ही जगह देखिए फर्स्ट लुक और ट्रेलर
बॉलीवुड के बाद हॉलीवुड में मीजान VS जावेद
मीजान, जावेद के बेटे हैं। किसी हॉलीवुड फिल्म के लिए दोनों ने पहली बार साथ डबिंग की है। हालांकि, पर्दे पर दोनों के बीच रस्साकशी नजर आ चुकी है। अजय देवगन और रकुल प्रीत स्टारर दे दे प्यार दे 2 में जावेद ने अजय के दोस्त का किरदार निभाया था, जबकि मीजान रकुल के दोस्त बने थे। अजय के सपोर्ट करने के लिए मीजान और जावेद के किरदारों में खूब तनातनी हुई थी।
इस बार ही-मैन में दोनों बाप-बेटे अपनी आवाजों के जरिए एक-दूसरे से लड़ते सुनाई देंगे। दोनों कलाकारों के साथ मोहन कपूर डंकन की आवाज बने हैं।
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की फिल्म का निर्देशन ट्रैविस नाइट ने किया है। फिल्म में निकोलस प्रिंस एडम के रोल में हैं,जबकि कैमिला मेंडेस टीला और जेरेड लेटो स्केलेटर की भूमिका निभा रहे हैं, जिनकी हिंदी आवाज जावेद हैं। मैन एट आर्म्स इदरिस एल्बा हैं।
इनके अलावा एलिसन ब्री, मोरेना बैकरिन और क्रिस्टन विग रोबोटो की आवाज बने हैं। सोनी पिक्चर्स हीमैन एंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स को भारत में रिलीज कर रही है।

