Main Vaapas Aaunga Trailer: चैन से मरने भी नहीं देती बिछड़े प्यार की तड़प, रोंगटे खड़े कर देगा ‘मैं वापस आऊंगा’ का ट्रेलर!

Main Vaapas Aaunga trailer out. Photo- X

मुंबई। Main Vaapas Aaunga Trailer: हिंदुस्तान-पाकिस्तान के बंटवारे ने सिर्फ जमीन पर लकीरें नहीं खिंचीं, बल्कि लाखों के लोगों के दिलों पर कभी ना भरने वाले जख्म छोड़ दिया। सरहद के उस पार से इस पार आये लोगों को सिर्फ घर-बार नहीं छोड़ना पड़ा, बल्कि जिंदगी का एक हिस्सा छोड़कर आना पड़ा।

किसी की जमीन, किसी का घर, किसी का परिवार तो किसी का प्यार पीछे छूट गया। वहशत और दहशत के माहौल से जब जिंदगी थोड़ा संभली तो पुरानी यादों की टीसों ने दिलों को छलनी करना शुरू कर दिया। कोई कैसे उस पहले प्यार को भूल सकता है, जिसने दिल के किसी कोने में हमेशा के लिए अपनी जगह बना ली हो।

माशूका छूट गई, मगर मोहब्बत सरहद पार साथ चली आई और फिर आखिरी सांस तक वो दिल के कोने में आबाद रही। जब सांस टूटने की बारी तो बिछड़ी मोहब्बत की तड़प बार-बार मौत का रास्ता रोकती रही। सांस निकलना चाहती है, मगर कसक निकलने नहीं देती।

बंटवारे में बिछड़ी मोहब्बत का दर्द

भूली-बिसरी और बिछड़ी मोहब्बत के माहिर इम्तियाज अली अब ऐसी ही कहानी मैं वापस आऊंगा लेकर आ रहे हैं, जिसकी पृष्ठभूमि भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से पहले एक मासूम मोहब्बत के खिलने और फिर बंटवारे के बाद बिछड़ने की कसक पर आधारित है। ट्रेलर आज मंगलवार को रिलीज कर दिया गया।
 
 फिल्म में नसीरूद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ के दादा के रोल में हैं, जो बिस्तर पर आखिरी सांसे गिन रहे हैं, मगर बहकी जुबान में कुछ ऐसे शब्द बोलते रहते हैं, जो दिलजीत और सुनने वाले के लिए मजाकिया हैं, मगर उन शब्दों का पिछली जिंदगी से सरोकार है। कलाई पर उर्दू में लिखा पहली मोहब्बत का नाम, सरगोदा और खूनी बंटवारे की यादें।

नसीरूद्दीन का युवा किरदार वेदांग रैना ने निभाया है, जबकि शरवरी महबूबा के रोल में हैं। संगीत ए आर रहमान ने दिया है। गीत इरशाद कामिल के हैं।

यह भी पढ़ें: सिनेमाघरों में इसी साल पहुंचेगी अक्षय कुमार और विद्या बालन की फिल्म, निर्माताओं ने जारी की रिलीज डेट

छूटी मोहब्बत की कहानीइम्तियाज


ट्रेलर को लेकर इम्तियाज ने कहा- हम पीछे क्या छोड़कर आये और अपने साथ क्या लेकर आये, जब हमने सरहद पार की थी। मैं वापस आऊंगा उसी प्यार और तड़प की निजी कहानी है, जो किसी के दिल में 78 सालों तक जिंदा रहती है। इनमें उन कई कहानियों का अक्स भी है, जो मैंने कई बुजुर्गों से सुनी हैं। उन्होंने बंटवारे के समय इन्हें अपनी आंखों से देखा था। फिल्म आज की पीढ़ी के नजरिए से उसे देखती है।

मैं वापस आऊंगा का निर्माण बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने मोहित चौधरी, शिबाशीष सरकार (विंडो सीट फिल्म्स) के साथ किया है। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। संगीत टिप्स म्यूजिक पर है।